विश्व

ब्रिटेन: चार्ल्स और डायना की शादी के केक का टुकड़ा 1.90 लाख रुपये में नीलाम

Subhi
13 Aug 2021 1:23 AM GMT
ब्रिटेन: चार्ल्स और डायना की शादी के केक का टुकड़ा 1.90 लाख रुपये में नीलाम
x
ब्रिटेन में प्रिंस चार्ल्स और प्रिंसेस डायना की शादी के केक का एक टुकड़ा 1,850 पाउंड में नीलाम हुआ है।

ब्रिटेन में प्रिंस चार्ल्स और प्रिंसेस डायना की शादी के केक का एक टुकड़ा 1,850 पाउंड (1,90,324 रुपये) में नीलाम हुआ है। काल्पनिक कहानियों में सुनी जाने जैसी शादी को 40 साल से भी ज्यादा समय बीत जाने के बाद यह एक नीलामी में इतनी बड़ी कीमत में बिका है। इस केक पर 29 जुलाई, 1981 की तारीख अंकित थी। नीलामी से सिर्फ 500 पाउंड मिलने की उम्मीद थी लेकिन बड़ी कीमत मिल गई।

केक का यह टुकड़ा शादी के 23 आधिकारिक केकों में से एक केक का है जो ब्रिटिश शाही जोड़े ने अपनी शादी में परोसा था। केक की आइसिंग (सजावट के लिए तैयार मिश्रण) और बादाम की मिठाई से तैयार बेस में शाही 'कोट ऑफ आर्म्स' को सुनहरे, लाल, नीले और चांदी से सजाया गया था।

नीलामी के लिए रखा गया केक का यह टुकड़ा क्वीन मदर के स्टाफ की एक सदस्य मोया स्मिथ को दिया गया था जिन्होंने इसे सख्त पकड़ वाली एक फिल्म के साथ एक पुराने टिन में संरक्षित कर रखा था। इस टिन के ढक्कन पर हाथ से बना एक लेबल चिपकाया गया जिस पर लिखा था, सावधानी से छुएं- प्रिंस चार्ल्स और प्रिंसेस डायना की शादी का केक। उनके परिवार ने यह केक 2008 में एक संग्राहक को बेच दिया। मौजूदा बोली में केक का टुकड़ा गेरी लेयटन को बेचा गया।


Next Story