विश्व

UAE ने ईरान को चेताया, 'होश में आएं, पड़ोसियों के साथ जिम्मेदारी निभाएं'

jantaserishta.com
1 March 2026 5:42 PM IST
UAE ने ईरान को चेताया, होश में आएं, पड़ोसियों के साथ जिम्मेदारी निभाएं
x
अबू धाबी: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने ईरान को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि वह “होश में आए” और अपने पड़ोसी देशों के साथ तर्क व जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करे, इससे पहले कि अलगाव और टकराव का दायरा और बढ़ जाए।
यूएई के राष्ट्रपति के वरिष्ठ कूटनीतिक सलाहकार अनवर गरगाश ने कहा कि खाड़ी देशों के खिलाफ ईरान का हमला अपने लक्ष्य से चूक गया और इस संवेदनशील समय में तेहरान को और अलग-थलग कर गया है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आपकी जंग आपके पड़ोसियों से नहीं है। इस तरह की बढ़ती आक्रामकता से आप उसी नैरेटिव को मजबूत करते हैं जो ईरान को क्षेत्र में अस्थिरता का मुख्य स्रोत और उसकी मिसाइल नीति को स्थायी खतरा मानता है। होश में आइए और अपने पड़ोसियों से जिम्मेदारी और समझदारी से पेश आइए।” तनाव के बीच यूएई ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने देश की सीमा में दागी गई ईरानी मिसाइलों और ड्रोन को सफलतापूर्वक मार गिराया।
संयुक्त अरब अमीरात रक्षा मंत्रालय के अनुसार, हमले की शुरुआत से अब तक कुल 137 बैलिस्टिक मिसाइलें और 209 ड्रोन यूएई की ओर दागे गए। इनमें से 132 मिसाइलें नष्ट कर दी गईं, जबकि 5 समुद्र में गिरीं। वहीं 209 ड्रोन में से 195 को इंटरसेप्ट किया गया और 14 ड्रोन देश के विभिन्न हिस्सों और जलक्षेत्र में गिरे, जिससे मामूली नुकसान हुआ। दुबई सरकार मीडिया कार्यालय ने बताया कि वायु रक्षा द्वारा मार गिराए गए ड्रोन का मलबा दुबई में दो मकानों के आंगन में गिरा, जिससे दो लोग घायल हो गए। घायलों को आवश्यक चिकित्सा सहायता दे दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अमीरात में सुनाई देने वाली तेज आवाजें इंटरसेप्शन ऑपरेशन का परिणाम थीं। रक्षा मंत्रालय ने इस हमले को राष्ट्रीय संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन बताया। मंत्रालय ने कहा कि यह एक खतरनाक उकसावे वाली कार्रवाई है, जो क्षेत्र की स्थिरता और लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालती है।
मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से जानकारी लें और अफवाहों से बचें। साथ ही यह भी कहा कि देश की सुरक्षा एजेंसियां उच्च सतर्कता पर हैं और किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
शनिवार को भी अनवर ने कहा था कि यूएई ने युद्ध टालने के लिए हरसंभव प्रयास किए और क्षेत्र में इसके खतरों को लेकर आगाह किया। उन्होंने कहा, “हमारी प्राथमिकता यूएई है, उसकी स्थिरता, सुरक्षा और यहां रहने वाले सभी लोगों की सलामती। हमारी आंतरिक प्रणालियां पूरी तैयारी और दक्षता के साथ काम कर रही हैं।”
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच यूएई ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपनी संप्रभुता, नागरिकों और निवासियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story