ट्रंप ने भारत को नरक बताया, भारतवंशी सांसद ने जताई नाराजगी

दिल्ली। भारत समेत कुछ देशों को नरक कहने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप घर में ही घिर गए हैं। अब भारतवंशी सांसद अमी बेरा ने इसपर दुख जाहिर किया है। साथ ही कहा है कि उन्हें अपनी विरासत पर गर्व है। उन्होंने कहा कि धन दौलत में पैदा में हुए ट्रंप को कभी किसी चीज के लिए संघर्ष नहीं करना पड़ा। हालांकि, विवादित पोस्ट साझा करने के बाद ट्रंप ने हालात संभालने की कोशिश की थी और भारत को महान देश माना था।
अमेरिका में भारतवंशी सांसद बेरा ने कहा, 'भारत से आए प्रवासियों के बेटे के रूप में, मुझे अपनी विरासत और उस देश पर बहुत गर्व है जिसने मेरे परिवार को एक बेहतर जीवन बनाने का मौका दिया। मेरे माता-पिता उसी मौके की तलाश में कानूनी रूप से अमेरिका आए थे। मेरी मां ने 35 साल तक सरकारी स्कूल में टीचर के रूप में काम किया। मेरे पिता एक इंजीनियर थे। उन्होंने मुझे और मेरे भाइयों को इस पक्के विश्वास के साथ पाला कि मेहनत करना, समाज की सेवा करना और उस देश का कर्ज उतारना जरूरी है जिसने उनका स्वागत किया।' उन्होंने कहा, 'राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा की गई टिप्पणियां अपमानजनक, अज्ञानता भरी और उनके पद की गरिमा के खिलाफ हैं। ये बातें इस बात को दर्शाती हैं कि वे एक राष्ट्र के रूप में हमारी पहचान को बिल्कुल नहीं समझ पाए हैं। अमेरिका हमेशा उन प्रवासियों की पीढ़ियों से मजबूत हुआ है जो यहां आते हैं, कड़ी मेहनत करते हैं और हमारे देश के लिए अपना योगदान देते हैं। वे अमेरिका को कमजोर नहीं करते, बल्कि वे इसे और मजबूत बनाते हैं।'
बेरा ने कहा, 'राष्ट्रपति ट्रंप, जो दौलत और सुख-सुविधाओं के बीच पैदा हुए, उन्हें कभी उस तरह संघर्ष नहीं करना पड़ा जैसा कई प्रवासी परिवारों को करना पड़ता है। वे उस हिम्मत, त्याग और पक्के इरादे को नहीं समझते जो जीरो से जीवन बनाने के लिए चाहिए होता है। वे समाज सेवा को नहीं समझते, और वे उन मूल्यों को भी नहीं समझते जो अमेरिका को दुनिया का सबसे महान देश बनाते हैं।'





