
Washington वॉशिंगटन: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में ईरान के साथ शांति समझौते पर आमने-सामने दस्तखत करने के लिए अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' के अनुसार, एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ट्रंप और वेंस दोनों ने ईरान के मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाघेरी गालीबाफ के साथ फ्रेमवर्क समझौते पर इलेक्ट्रॉनिक रूप से दस्तखत किए हैं। सोमवार को फ्रांस में मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि वेंस दस्तखत समारोह में शामिल होंगे। दस्तखत समारोह में अपनी मौजूदगी के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में राष्ट्रपति ने कहा, "हो सकता है कि मैं इसमें शामिल होऊं, या न भी होऊं।"
ट्रंप ने कहा कि समझौता ज्ञापन (MoU) का टेक्स्ट "बहुत जल्द... शुक्रवार के कुछ समय बाद" जारी किया जाएगा। यहां मीडिया इंटरव्यू में वेंस ने कहा कि शांति समझौते पर रविवार को डिजिटल रूप से दस्तखत किए गए थे, और इसका पूरा टेक्स्ट इस सप्ताह के आखिर में सार्वजनिक किए जाने की संभावना है। एबीसी न्यूज के 'गुड मॉर्निंग अमेरिका' कार्यक्रम में वेंस ने कहा, "हमने कल (रविवार) ही डिजिटल रूप से समझौते पर दस्तखत कर दिए थे।" इस समझौते पर बातचीत मध्यस्थों के जरिए हुई, जिनमें पाकिस्तान और कतर शामिल थे। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोमवार को कहा कि उनका देश 19 जून को स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच समझौते के दस्तखत समारोह की मेजबानी करेगा।
NYT ने वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के हवाले से कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट) शुक्रवार तक पूरी तरह खुल जाएगा, और भारी टैंकरों की आवाजाही को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि तेल और गैस की आपूर्ति बहुत तेजी से हो सके।
अधिकारी ने कहा, "यहां साफ कर दूं कि इसमें थोड़ा समय लगता है, क्योंकि आप जानते हैं कि जलडमरूमध्य में बारूदी सुरंगें (माइंस) हैं। लेकिन आप देखेंगे कि होर्मुज जलडमरूमध्य में ट्रैफिक में काफी बढ़ोतरी पहले ही शुरू हो चुकी है, और समय के साथ इसमें धीरे-धीरे और बढ़ोतरी होगी। मुझे लगता है कि एक या दो हफ्ते में - शायद हम दो हफ्ते में पूरी तरह सामान्य स्थिति में न लौटें - लेकिन हम जलडमरूमध्य में ट्रैफिक में काफी बढ़ोतरी देखेंगे।"
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि समझौता ज्ञापन यह पक्का करता है कि होर्मुज जलडमरूमध्य "60 दिनों के लिए टोल-फ्री" रहेगा, और उम्मीद है कि यह "अंतिम समझौते" का भी हिस्सा बनेगा। ईरान और ओमान के बीच स्थित होर्मुज जलडमरूमध्य को दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा 'चोकपॉइंट' (महत्वपूर्ण मार्ग) में से एक माना जाता है, जहां से दुनिया भर में तेल और लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) के निर्यात का एक बड़ा हिस्सा गुजरता है।





