विश्व

इधर ट्रंप ने किया सीजफायर का ऐलान, उधर कुछ ही घंटों बाद ईरान ने दागीं कई बैलिस्टिक मिसाइल

jantaserishta.com
24 Jun 2025 9:10 AM IST
इधर ट्रंप ने किया सीजफायर का ऐलान, उधर कुछ ही घंटों बाद ईरान ने दागीं कई बैलिस्टिक मिसाइल
x
देखें वीडियो.
तेल अवीव: एक ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान-इजरायल के बीच सीजफायर का ऐलान किया है, तो दूसरी तरफ ईरान ने मंगलवार को इजरायल पर फिर से बैलिस्टिक मिसाइल दाग दी हैं। इजरायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने बताया है कि मंगलवार सुबह ईरान से इजरायल पर दो बार में छह मिसाइलें दागी हैं। पहले हमले में दो मिसाइलें शामिल थीं, जबकि दूसरे हमले में चार मिसाइलें थीं। दूसरे हमले में बीरशेबा स्थित एक अपार्टमेंट ब्लॉक को निशाना बनाया गया है।
ईरान की ओर से बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च किए जाने के बाद उत्तर, मध्य और दक्षिणी इजरायल के कुछ इलाकों में सायरन बजने लगे। देश के अधिकतर इलाकों में लोगों को पहले ही सचेत कर दिया गया है। नागरिकों को अगले आदेश तक बॉम्ब शेल्टर में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
ये हमले ऐसे समय में हुए हैं जब कुछ ही घंटों पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान-इजरायल के बीच सीजफायर का ऐलान किया था। उन्होंने 'ट्रुथ' पर लिखा, "सभी को बधाई, ईरान और इजरायल के बीच पूर्ण और अंतिम सीजफायर पर सहमति बन गई है। सीजफायर छह घंटे में शुरू होगा। ईरान को पहले इसका पालन करना होगा।"
ट्रंप ने आगे लिखा, "ईरान की ओर से सीजफायर का पालन करने के अगले 12 घंटे बाद इजरायल भी इस सीजफायर में शामिल हो जाएगा। 24 घंटे बाद युद्ध को औपचारिक रूप से खत्म माना जाएगा।" इसके साथ ही ट्रंप ने ईरान-इजरायल की सहनशक्ति, बुद्धिमत्ता और साहस की तारीफ की। उन्होंने कहा, "ईश्वर ईरान को आशीर्वाद दे। ईश्वर इजरायल को आशीर्वाद दे। ईश्वर मिडिल ईस्ट को आशीर्वाद दे। ईश्वर अमेरिका और पूरी दुनिया को आशीर्वाद दे।"
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि दोनों देशों के बीच यह युद्ध सालों तक चल सकता था। इससे मिडिल ईस्ट तबाह हो सकता था, लेकिन ऐसा न तो हुआ और न होगा। इसके बाद ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने 'सीएनएन' को बताया कि तेहरान को अमेरिका की ओर से कोई औपचारिक प्रस्ताव नहीं मिला है। ऐसे में उसे इजरायल या वाशिंगटन के साथ दुश्मनी खत्म करने का कोई कारण नजर नहीं आता।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका ने भारतीय समय के अनुसार रविवार सुबह 4.30 बजे ईरान की तीन प्रमुख न्यूक्लियर साइट्स नतांज, फोर्डो और एस्फाहान पर अटैक किया था। ट्रंप ने इसके बाद कहा था कि ईरान को अब संघर्ष खत्म करने के लिए सहमत होना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने साफतौर पर कहा था कि अगर ईरान शांति कायम नहीं करता, तो उस पर और बड़े हमले किए जाएंगे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story
    null