विश्व

ट्रेड वॉर छिड़ा...सुपरपावर अमेरिका को चीन ने दिया बड़ा झटका, 84% तक बढ़ाया टैक्स

jantaserishta.com
9 April 2025 5:31 PM IST
ट्रेड वॉर छिड़ा...सुपरपावर अमेरिका को चीन ने दिया बड़ा झटका, 84% तक बढ़ाया टैक्स
x
नई दिल्ली: अमेरिका और चीन के बीच व्यापार ट्रेड वॉर थमने का नाम नहीं ले रही है. बीते दिन ट्रंप ने चीन पर 104% जवाबी टैरिफ लगाने का ऐलान किया था. इसके जवाब में आज चीन ने घोषणा की कि वह गुरुवार से अमेरिकी वस्तुओं पर 84 प्रतिशत तक टैरिफ लगाएगा, जो पहले घोषित 34 प्रतिशत से काफी ज्यादा है.
चीन का यह कदम डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा चीनी वस्तुओं पर 104 प्रतिशत का चौंका देने वाला टैरिफ लगाए जाने के बाद उठाया गया है. डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कई देशों पर लगाए गए रेसिप्रोकल टैरिफ बुधवार से प्रभावी हो गए हैं. इनमें चीनी वस्तुओं पर लगाया गया भारी शुल्क भी शामिल है, जिससे ग्लोबल ट्रेड वॉर बढ़ गया है. बुधवार को चीन ने वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन से कहा कि स्थिति खतरनाक रूप से बढ़ गई है और चेतावनी दी कि चीन पर अमेरिकी टैरिफ वैश्विक व्यापार स्थिरता के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं.
चीन ने वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन को दिए गए एक बयान में कहा, 'प्रभावित सदस्यों में से एक के रूप में, चीन इस लापरवाह कदम पर गंभीर चिंता और विरोध व्यक्त करता है. रेसिप्रोकल टैरिफ व्यापार असंतुलन का समाधान नहीं है और कभी नहीं होगा. इसके बजाय, वे उलटे असर करेंगे, जिससे अमेरिका को ही नुकसान होगा.'
बताते चलें कि बीते दिन अमेरिका ने चीन पर कार्रवाई करते हुए तीसरा टैरिफ बम फोड़ा था. व्हाइट हाउस ने बताया था कि अमेरिका चीन पर 104 प्रतिशत टैरिफ लगा रहा है जो बुधवार 9 अप्रैल से लागू हो जाएगा. अमेरिका ने ये कदम चीन द्वारा हाल ही में अमेरिकी आयात पर 34% टैरिफ लगाने के बाद उठाया है.
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिना लेविट ने चीन द्वारा अमेरिका के खिलाफ जवाबी कार्रवाई को एक गलती करार दिया. उन्होंने कहा कि जब अमेरिका को चुनौती दी जाती है तो जवाब सशक्त और अडिग होता है. लेविट ने कहा, 'चीन द्वारा जवाबी कार्रवाई करना एक गलती थी. जब अमेरिका पर हमला होता है तो वह और भी जोरदार तरीके से पलटवार करता है.'
ट्रंप ने दो अप्रैल को चीन पर 34 फीसदी टैरिफ लगा दिया था, जिसके बाद अमेरिका में चीनी के सभी आयातों पर टैरिफ दर 54 फीसदी हो गई थी. फिर 50 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ के बाद चीन पर अमेरिका द्वारा लगाया गया कुल टैरिफ 104 प्रतिशत हो गया. इसके जवाब में आज चीन ने 84% टैरिफ लगाने का ऐलान किया है.
बता दें कि बीते शुक्रवार को चीन ने भी सभी अमेरिकी आयातों पर 34 फीसदी टैरिफ का ऐलान किया था. इतना ही नहीं चीन ने दुर्लभ खनिजों के निर्यात पर नियंत्रण और कुछ खास अमेरिकी कंपनियों के व्यापार पर प्रतिबंध लगाने का भी ऐलान किया था.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story