विश्व

व्यापार घाटा बढ़कर 25.71 अरब डॉलर पंहुचा: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय

Admin Delhi 1
15 Oct 2022 2:30 PM GMT
व्यापार घाटा बढ़कर 25.71 अरब डॉलर पंहुचा: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय
x

दिल्ली: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार भारत का वाणिज्यक वस्तुओं का निर्यात सितंबर 2022 माह में सालाना आधार पर 4.82 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 35.45 अरब डॉलर और आयात 8.66 प्रतिशत बढ़कर 61.61 अरब डॉलर पर पहुंच गया। सरकारी आंकड़ों के अनुसार आलोच्य माह के दौरान व्यापार घाटा भी बढ़कर 25.71 अरब डॉलर हो गया। सितंबर 2022 में भारत का कुल निर्यात (वस्तुओं और सेवाओं सहित) 61.10 अरब डॉलर होने का अनुमान है, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 10.24 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है, जबकि सितंबर 2022 में कुल आयात (वस्तुओं और सेवाओं को मिला कर ) अरब 76.26 बिलियन होने का अनुमान है, जो सितंबर 2021 की तुलना में 10.73 प्रतिशत की सकारात्मक वृद्धि दर्शाता है।

आंकड़ों के अरनुसार अप्रैल-सितंबर 2022 के बीच देश से वस्तु निर्यात 231.88 अरब डॉलर रहा, जो 2021 में इसी अवधि के दौरान हुए 198.25 अरब डॉलर के निर्यात से 16.96 प्रतिशत की सकारात्मक वृद्धि दर्शाता है। इसी दौरान वाणिज्यिक वस्तुओं का आयात 380.34 रहा, जो एक वर्ष पहले की इसी अवधि में 274.50 अरब डॉलर के आयात के मुकाबले 38.55 फीसदी अधिक है। भारतीय इंजीनियरिंग निर्यात संवर्धन परिषद ( ईईपीसी इंडिया ) के अध्यक्ष श्री अरुण गरोडिया ने निर्यात-आयात के इन आंकड़ों पर टिप्पणी करते हुए कहा, "नवीनतम व्यापार आंकड़ों से पता चलता है कि इंजीनियरिंग सामान निर्यात सितंबर 2022 में सालाना आधार पर लगभग 11 प्रतिशत घटकर 8.39 अरब डॉलर रहा। यह गिरावट मुख्य रूप से कुछ उन्नत अर्थव्यवस्थाओं में मंदी और चीन में कोविड से संबंधित प्रतिबंधों के प्रभाव को दर्शाती है। यह देखते हुए कि विश्व बैंक और आईएमएफ जैसी विभिन्न एजेंसियों ने चालू वर्ष के लिए और अगले वर्ष भी विश्व अर्थव्यवस्था के आर्थिक वृद्धि के के अनुमानों में कटौती की है, निश्चित रूप से समग्र वैश्विक व्यापार पर प्रभाव पड़ेगा।"

निर्यात संघों के महासंघ फियो के अध्यक्ष डॉ. ए. शक्तिवेल ने एक बयान में कहा कि सितंबर माह में पेट्रोलियम उत्पादों, इलेक्ट्रॉनिक सामान, रत्न और आभूषण, दवाओं और सहित 17 प्रमुख उत्पाद श्रेणियों के निर्यात प्रदर्शन से कुल मिला का वाणिज्यक निर्यात में वृद्धि दर्ज की गयी। फार्मास्यूटिकल्स, जैविक और अकार्बनिक रसायन और कृषि उत्पादों के निर्यात में सुधार रहा। उन्होंने कहा कि रत्न और आभूषण और पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात में वृद्धि के अच्छे संकेत दिखे हैं और इलेक्ट्रॉनिक सामानों के निर्यात में निरंतर मजबूती दिख रही है। फियो अध्यक्ष ने कहा कि जब तक कि विश्व में भू-राजनीतिक स्थिति में बड़ा सुधार नहीं होता, आने वाले कुछ महीने काफी चुनौतीपूर्ण होंगे। उन्होंने कहा हमें उम्मीद है कि आने वाले महीनों में ऊर्जा की कीमतों में और कमी आएगी, जिससे हमें व्यापार घाटे पर और राहत मिलेगी।

Next Story