विश्व

कल रूस और यूक्रेन के बीच होगी दूसरे दौर की वार्ता

Kunti Dhruw
1 March 2022 3:36 PM GMT
कल रूस और यूक्रेन के बीच होगी दूसरे दौर की वार्ता
x
रूस और यूक्रेन के बीच पहले दौर की शांति वार्ता में युद्धविराम को लेकर कुछ बिंदुओं पर सहमति बनी थी।

मास्को, रूस और यूक्रेन के बीच पहले दौर की शांति वार्ता में युद्धविराम को लेकर कुछ बिंदुओं पर सहमति बनी थी। जिसके बाद जल्द ही दूसरे दौर की वार्ता को लेकर संकेत दिए गए थे। रूसी समाचार एजेंसी TASS के मुताबिक दो मार्च को रूस-यूक्रेन के बीच फिर से वार्ता होगी।

दोनों देशों के बीच पहले दौर की शांती वार्ता सोमवार को हुई थी, जो करीब पांच घंटों तक चली थी। बैठक के दौरान कुछ अहम बिंदुओं पर सहमति बनी थी। पहली दौर की वार्ता के बाद दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल वार्ता परिणामों की जानकारी देने के लिए मास्को और कीव लौट गए थे।यूक्रेन-रूस के बीच हुई पहली दौर की वार्ता में रूस के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्‍व राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन के सहयोगी व्लादिमीर मेडिंस्की ने किया था। साथ ही इस प्रतिनिधिमंडल में उप विदेश मंत्री एंड्री रुडेंको, उप रक्षा मंत्री एलेक्जेंडर फोमिन और अंतरराष्ट्रीय मामलों की राज्य ड्यूमा समिति के अध्यक्ष लियोनिद स्लटस्की भी शामिल थे।
वहीं यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्‍व रक्षा मंत्री एलेक्सी रेजनिकोव और यूक्रेनी राष्ट्रपति कार्यालय के सलाहकार मिखाइल पोडोलीक ने किया था। उनके साथ डेविड अरखामिया, एंड्री कोस्टिन, रुस्तम उमेरोव और उप विदेश मंत्री निकोले टोचिट्स्की शामिल थे। गौरतलब है कि वार्ता में रूस का प्रतिनिधित्व करने वाले मेडिंस्की ने पहले ही साफ कर दिया था कि वो यूक्रेन के पक्षकारों के साथ हर मुद्दे पर बातचीत के लिए तैयार हैं। हालांकि वार्ता के बीच ही संकट बढ़ने के भी आसार साफतौर पर दिखाई दे रहे है। ऐसा इसलिए है क्‍योंकि रूस की धमकी के बाद अब अमेरिका ने भी अपने परमाणु हथियारों को हाई अलर्ट पर रख दिया है। साथ ही अमेरिका ने मास्को के अपने दूतावास से अतिरिक्त कर्मियों और परिवारों को वापस भेजने के लिए कहा है।
Next Story