विश्व
पाकिस्तान में टमाटर 500 तो प्याज 400 रुपये किलो, वहां के व्यापार मंडल ने की यह बड़ी मांग
Rounak Dey
31 Aug 2022 2:39 AM GMT

x
पाकिस्तान के अधिकारियों के अनुसार, बाढ़ ने अब तक लगभग 1,634 लोगों की जान ले ली है।
पाकिस्तान में भारत के साथ व्यापार फिर से शुरू करने को लेकर पहल हो रही है। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध खत्म हो गए थे। अब पाकिस्तान के एक प्रमुख व्यापार मंडल ने मंगलवार को सरकार से भारत से वाघा सीमा से सब्जियों के आयात को फिर से शुरू करने की अनुमति देने का आग्रह किया ताकि विनाशकारी बाढ़ के कारण देश में सब्जियों की बढ़ती कीमतों को कम किया जा सके।
भारत से सब्जियां और अन्य खाद्य वस्तुओं के आयात करने पर विचार
लाहौर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एलसीसीआई) का यह अनुरोध पाकिस्तान के वित्त मंत्री मिफ्ताह इस्माइल के कहने के एक दिन बाद आया है कि पाकिस्तान में भारी बाढ़ के कारण खड़ी फसलों के नष्ट हो गईं हैं। ऐसे में पाकिस्तान सरकार तीन साल बाद भारत से सब्जियां और अन्य खाद्य वस्तुओं के आयात पर विचार कर सकती है।
पाकिस्तान में बढ़ती कीमतों के कारण लोगों का जीना हुआ मुश्किल
कश्मीर मुद्दे पर भारत के साथ व्यापार संबंधों को खत्म प्राय कर दिया गया था। द न्यूज इंटरनेशनल अखबार ने बताया कि पाकिस्तान में विनाशकारी बाढ़ के कारण विभिन्न सब्जियों और फलों की कीमतों में भारी उछाल देखा जा रहा है क्योंकि बलूचिस्तान, सिंध और दक्षिण पंजाब से सब्जियों की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। स्थिति यह है कि पाकिस्तान टमाटर के दाम 500 रुपये प्रति किलो और प्याज 400 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं, जिससे आम लोगों के लिए ऐसी विकट स्थिति में जीना मुश्किल हो गया है। एलसीसीआई ने कहा कि अब समय आ गया है कि पाकिस्तान सरकार बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए भारत से सब्जियां आयात करने की अनुमति दे।
पाकिस्तान में अगले तीन महीनों तक बना रह सकता है संकट
एलसीसीआई के अध्यक्ष नौमान कबीर ने रिपोर्ट में कहा, हाल में आई बाढ़ ने देश भर में टमाटर, प्याज, आलू और अन्य सब्जियों की फसलों को नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगले तीन महीनों तक संकट के बने रहने की आशंका है। उन्होंने कहा कि सितंबर, अक्टूबर और नवंबर में सब्जियों का संकट और गहरा सकता है। उन्होंने सरकार से तेजी से फैसले लेने का आग्रह किया है क्योंकि वाघा सीमा के रास्ते भारत से पाकिस्तान तक सब्जियां पहुंचाने में कुछ दिन लगेंगे।
जम्मू और कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को रद्द करने के भारत के फैसले के बाद पाकिस्तान ने अगस्त 2019 में भारत के साथ अपने व्यापार संबंधों को खत्म कर दिया। पाकिस्तान के अधिकारियों के अनुसार, बाढ़ ने अब तक लगभग 1,634 लोगों की जान ले ली है।
Next Story