विश्व

रूस यूक्रेन युद्ध का आज 18वां दिन, रूसी सैनिकों की गोलीबारी में एक बच्चे समेत 7 लोगों की मौत

Bhumika Sahu
13 March 2022 3:15 AM GMT
रूस यूक्रेन युद्ध का आज 18वां दिन, रूसी सैनिकों की गोलीबारी में एक बच्चे समेत 7 लोगों की मौत
x
Russia Ukraine War LIVE रूस और युक्रेन के बीच युद्ध चल रहा युद्ध अब रूकने का नाम नहीं ले रहा है। रूसी सेना लगातार यूक्रेन पर हमला कर रही है। रूस ने यूक्रेन के कई शहरों को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। रूस यूक्रेन युद्ध (Russia Ukraine War) का आज 18वां दिन है। रूस-यूक्रेन की जंग थमने की बजाय बढ़ती ही जा रही है। युद्ध के 18वें दिन रूसी सेना लगातार हमले कर रही है। यूक्रेन के अधिकतर शहर जल रहे हैं। हालात यह है कि लगातार हो रही गोलाबारी से सरकारी इमारतें और घर तबाह हो गए हैं। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पुतिन को बातचीत का आफर दिया है। इसी बीच यूक्रेन का दावा है कि उसने खेरसान में दो रूसी हेलीकाप्टरों को मार गिराया है। हालांकि, इस दौरान रूस ने यूक्रेन के कीव ओब्लास्ट पर लगातार बम बरसाए। साथ ही रूसी सैनिकों ने कीव में ग्रीन कोरिडोर के जरिए रेस्क्यू कर रही महिलाओं और बच्चों पर गोली चलाई, जिसमें एक बच्चे समेत 7 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, कीव इंडिपेंडेंट के अनुसार यूक्रेन और रूस के बीच वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए शांति वार्ता हुई। इस वार्ता की शीर्ष प्राथमिकताओं में विशेष रूप से मारियुपोल शहर के लिए मानवीय कोरिडोर का विस्तार और स्थापना करना है।

इजराइल के प्रधानमंत्री से राष्ट्रपति जेलेंस्की ने की बात
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यूक्रेन में युद्ध की स्थिति पर इजराइल के प्रधानमंत्री बेनेट के साथ चर्चा की। साथ ही उन्होंने मेलिटोपोल मेयर की रिहाई के लिए उनकी मदद भी मांगी। जेलेंस्की ने ट्वीट कर बताया कि इजराइल के पीएम के साथ बातचीत जारी है। हमने रूस के हमले और शांति वार्ता की संभावनाओं के बारे में बात की। हमें नागरिकों के खिलाफ हो रहे दमन को रोकना चाहिए। मेलिटोपोल के बंदी मेयर और स्थानीय लोगों की रिहाई में सहायता करने के लिए उनसे कहा है।
उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने रूस के रुख को बताया खतरा
अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने यूक्रेन में रूस के रुख को सभी यूरोपीय देशों की सुरक्षा के लिए खतरा बताया है। उन्होंने अमेरिका और उसके नाटो एवं यूरोपीय सहयोगियों के बीच एकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गठबंधन की सबसे बड़ी ताकत इसकी एकता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका नाटो गठबंधन के बचाव में यूक्रेन के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है।
20 करोड़ डालर जुटा रहा अमेरिका
समाचार एजेंसी रायटर के अनुसार, यूक्रेन को हथियारों की मदद देने के लिए अमेरिका 20 करोड़ डालर जुटा रहा है।
मानवीय गलियारों के माध्यम से 13,000 नागरिकों को निकाला
द कीव इंडिपेंडेंट ने यूक्रेन के डिप्टी पीएम इरिना वीरेशचुक के हवाले से बताया है कि यूक्रेन ने 12 मार्च को मानवीय गलियारों के माध्यम से 13,000 नागरिकों को निकाला है। यह आंकड़ा एक दिन पहले की तुलना में दोगुना है।


Next Story