विश्व

नेपाल में साइबर अपराध का संगठित गिरोह चलाने वाले तीन चीनी नागरिक गिरफ्तार

Bhumika Sahu
1 July 2022 2:40 PM GMT
नेपाल में साइबर अपराध का संगठित गिरोह चलाने वाले तीन चीनी नागरिक गिरफ्तार
x
साइबर अपराध का संगठित गिरोह

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। चीन अपने पड़ोसी देशों पर जहां प्रभुत्व की कोई कोशिश पीछे नहीं छोड़ता, वहीं अब चीन के अपराधी भी पड़ोसी देशों में सक्रिय हो रहे हैं। नेपाल में इनकी सक्रियता बढ़ती देख नेपाल पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस ने एक चीनी सॉफ्टवेयर कंपनी पर छापा मारकर साइबर अपराध का संगठित गिरोह चलाने वाले तीन चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।

दरअसल, चीन के नागरिक नेपाल को साइबर अपराध का केंद्र बना रहे हैं। वहां लगातार मुहिम चलाकर नेपाल पुलिस इस पर अंकुश लगाने में लगी है। एक साल में चीन के 122 नागरिकों को साइबर अपराधों के सिलसिले में गिरफ्तार भी किया गया है।
गुरुवार को नेपाल पुलिस ने कास्की जिले के एक चीनी सॉफ्टवेयर कंपनी पर छापा मारकर 46 लाख नेपाली रुपयों के साथ तीन चीनी नागरिकों व एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया। मुख्य पुलिस अधीक्षक रमेश थापा ने बताया कि जिला पुलिस कार्यालय कास्की की एक टीम ने गुरुवार को साइबर अपराध से संबंधित गतिविधियों के संदेह में एक चीनी सॉफ्टवेयर कंपनी पर छापा मारा।
पोखरा-17 के दमसाइट में किराए के घर से तीन चीनी और एक नेपाली नागरिक को 46 लाख नकद नेपाली रुपयों के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपित इस धन का स्रोत नहीं दिखा सके, इसलिए धनराशि जब्त कर ली गई। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि चीन के नागरिक यहां पर्यटक वीजा पर आए थे, जो अवैध रूप से यहां काम कर रहे थे। इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।


Next Story