विश्व

बुडापेस्ट से 240 भारतीयों को लेकर तीसरी उड़ान दिल्ली रवाना, यूक्रेन के 1.2 लाख नागरिकों ने सीमापार कर पोलैंड में ली शरण

Subhi
27 Feb 2022 12:42 AM GMT
बुडापेस्ट से 240 भारतीयों को लेकर तीसरी उड़ान दिल्ली रवाना, यूक्रेन के 1.2 लाख नागरिकों ने सीमापार कर पोलैंड में ली शरण
x
रूस की सेना यूक्रेन पर हमलों की रफ्तार तेज करते हुए जल्द ही कीव पर कब्जा कर सकती है। पिछले तीन दिनों में रूसी सेना ने यूक्रेन पर चार तरफ से हमला कर उसकी सेना को पीछे हटने पर मजबूर किया है।

रूस की सेना यूक्रेन पर हमलों की रफ्तार तेज करते हुए जल्द ही कीव पर कब्जा कर सकती है। पिछले तीन दिनों में रूसी सेना ने यूक्रेन पर चार तरफ से हमला कर उसकी सेना को पीछे हटने पर मजबूर किया है। हालांकि, राजधानी कीव अभी तक रूसी सेना के कब्जे से दूर रही थी। अब खुद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने चिंता जताई है कि कीव पर रूसी सेना के कब्जे का खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि आज की रात हमारे लिए सबसे कठिन होने वाली है, लेकिन हमें खड़े रहना होगा। बताया गया है कि जेलेंस्की को अमेरिका की तरफ से यूक्रेन छोड़ने का प्रस्ताव मिला था। लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया।

रूसी सैनिकों की राजधानी कीव में बढ़ती तादाद के बीच यूक्रेन के करीब 1.20 लाख नागरिक देश की सीमा पार कर पड़ोसी मुल्क पोलैंड में शरण ले चुके हैं। पोलैंड ने संकट के इस दौर में बिना किसी शर्त यूक्रेन के नागरिकों को अपने यहां शरण दी है। पड़ोसी मुल्कों में शरण की आस लेकर कई लोग पूरी रात मीलों पैदल चलकर सीमा तक पहुंचे। सरकार ने सीमाओं पर खास कैंप लगाए हैं जो इन नागरिकों की सीमा पार जाने में मदद कर रहे हैं।

यूरोपीय संघ और जर्मनी ने रूस की उड़ानों के लिए हवाई मार्ग बंद करने का एलान किया है। यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी, इटली, यूके, कनाडा और संयुक्त राज्य अमेरिका ने यूक्रेन पर हुए हमले के खिलाफ नए वित्तीय प्रतिबंधों लगाते हुए रूस के बैंकों को 'स्विफ्ट' (SWIFT) से बाहर करने के लिए सहमति जताई है। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि स्विफ्ट से निश्चित संख्या में रूसी बैंक हटा दिए जाएं। हम रूस के केंद्रीय बैंक की संपत्ति को पंगु बना देंगे। जो इसके लेनदेन को रोक देगा।

बुखारेस्ट से 250 भारतीय नागरिकों को लेकर आई दूसरी उड़ान दिल्ली हवाई अड्डे पर उतर गई। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने बुखारेस्ट (रोमानिया) के रास्ते यूक्रेन से सुरक्षित निकाले गए भारतीय नागरिकों का दिल्ली हवाईअड्डे पर स्वागत किया।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हमने कई बच्चों से बात की, वीरता व साहस से उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाई है हमने इसकी सराहना की। उनसे अनुरोध किया कि अपने सहभागियों-मित्रों से ज़रूर कहें कि सरकार का ये अभियान तब तक जारी रहेगा जबतक की सभी नागरिकों को सुरक्षित भारत ना ले आएं। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद यूक्रेन के राष्ट्रपति के साथ बात की है, भारत सरकार रूस की सरकार के साथ भी बात कर रही है।

इस अभियान का हिस्सा बनने पर हमें गर्व है : पॉल

एयर इंडिया के विशेष विमान से छात्रों को लेकर आई केबिन क्रू प्रभारी रजनी पॉल ने कहा कि हमें गर्व है कि हम भारतीयों को वापस उनके घर पहुंचाने के लिए इस ऑपरेशन का हिस्सा बने हैं। कुछ छात्र पिकअप प्वॉइंट तक पहुंचने के लिए अपना सामान लेकर 9-10 किमी पैदल चलकर आए।

पेंटागन के प्रेस सचिव जॉन किर्बी ने कहा कि रूस का यह दावा झूठा है कि संयुक्त राज्य अमेरिका किसी भी तरह से ज्मीनी द्वीप के पास यूक्रेनी नौसैनिक अभियानों में शामिल था। हमने आईएसआर या कोई अन्य सहायता प्रदान नहीं की। इसे सिर्फ रूसी रक्षा मंत्रालय द्वारा कहे गए एक और झूठ के रूप में देखें।


Next Story