विश्व

धरती पर पेड़ों की करीब 73 हजार प्रजातियां मौजूद हैं, इनमें से 9,200 की खोज होना अभी बाकी

Neha Dani
7 Feb 2022 10:12 AM GMT
धरती पर पेड़ों की करीब 73 हजार प्रजातियां मौजूद हैं, इनमें से 9,200 की खोज होना अभी बाकी
x
हमारा अध्ययन बताता है कि इन दुर्लभ पेड़ों के संरक्षण की आवश्यकता है।

हमारी धरती पर कितना कुछ मौजूद है शायद ही कभी हम पूर्ण रूप से इसे जान सकें। जीव-जंतुओं की तमाम प्रजातियां हों या पेड़-पौधों की, विज्ञानी निरंतर नई खोज में लगे हुए हैं। इसी कड़ी में एक अहम जानकारी सामने आई है। विश्वभर के 100 से ज्यादा विज्ञानियों ने सबसे बड़े जंगल के डाटाबेस के आधार पर बताया है कि धरती पर पेड़ों की करीब 73 हजार प्रजातियां मौजूद हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से अभी करीब 9,200 प्रजातियों की खोज होनी अभी बाकी है। यह अध्ययन प्रोसीडिंग्स आफ द नेशनल एकेडमी आफ साइंसेज में प्रकाशित किया गया है।

अध्ययन के मुताबिक, धरती पर करीब 14 प्रतिशत पेड़ों की प्रजातियों के बारे में अभी हमें जानकारी नहीं है। इनमें से ज्यादातर प्रजातियां दुर्लभ और कम स्थान पर फैली हुई हैं। शोधकर्ताओं के मुताबिक, इनका बेहद दुर्लभ और कम स्थान पर फैला होना इन्हें मानव जनित व्यवधान जैसे वनों की कटाई और जलवायु परिवर्तन के प्रति संवेदनशील बनाता है। विज्ञानियों का मानना है कि इस अध्ययन से वन संरक्षण में मदद मिल सकती है।
अध्ययन के परिणाम वैश्विक जंगलों की विविधता पर डालते हैं प्रकाश : अध्ययन के दो वरिष्ठ लेखकों में से एक मिशिगन यूनिवर्सिटी के वन पारिस्थितिकीविद् पीटर रीच के मुताबिक, हमारे अध्ययन के परिणाम वैश्विक जंगलों की विविधता पर प्रकाश डालते हैं। साथ ही मानवजनित परिवर्तनों विशेष रूप से भूमि उपयोग और जलवायु परिवर्तन की ओर ध्यान खींचते हैं। वर्तमान में बढ़ती आबादी और घटता वन क्षेत्र एक बड़ी समस्या है। हमारा अध्ययन बताता है कि इन दुर्लभ पेड़ों के संरक्षण की आवश्यकता है।
यहां हो सकती हैं ऐसी प्रजातियां : शोधकर्ताओं का अध्ययन के आधार पर कहना है कि पेड़ों की ऐसी प्रजातियां जिन्हें अभी खोजा नहीं जा सका है उनमें से करीब 40 प्रतिशत दक्षिण अमेरिका महाद्वीप पर हो सकती हैं। ऐसी प्रजातियां अमेजन बेसिन के साथ ही एंडियन वन में हो सकती हैं।
इस तरह किया अध्ययन
शोधकर्ताओं ने अध्ययन के लिए दो वैश्विक डाटासेट का प्रयोग किया। इनमें से एक एक ग्लोबल फारेस्ट बायोडायवर्सिटी इनिशिएटिव और दूसरा ट्रीचेंज था। इस अध्ययन में पेड़ों की कुल 64,100 प्रजातियां मिलीं। इनके बारे में पहले से जानकारी उपलब्ध है। इसके बाद शोधकर्ताओं ने नवीन सांख्यिकीय तरीकों के जरिये वैश्विक स्तर पर पेड़ों की संख्या आदि का पता लगाया। इसके आधार पर सामने आया कि पृथ्वी पर कुल 73,274 प्रजातियां मौजूद हैं। इस तरह पता चला कि करीब 9,200 से प्रजातियों की खोज होनी अभी बाकी है।


Next Story