विश्व

सांपों को मारकर चाव से खा जाती है दुनिया की सबसे जहरीली ये मकड़ियां, जाने इनके बारे में

Gulabi
22 Aug 2021 9:20 AM GMT
सांपों को मारकर चाव से खा जाती है दुनिया की सबसे जहरीली ये मकड़ियां, जाने इनके बारे में
x
दुनिया की सबसे जहरीली ये मकड़ियां

केप टाउन। अफ्रीका कि दुनिया ना केवल अद्द्भुत है बल्कि काफी रोमांचक भी है| यहां के हर एक जीव-जंतु से लेकर कीड़े मकौड़े तक बाकी दुनिया से बिल्कुल अलग होते हैं। इनका व्यवहार और प्रकृति भी अलग होती है। इनमें से एक है बटन स्पाइडर जिसके बारे में नवभारत टाइम्स ऑनलाइन को पेशे से जियोफिजिसिस्ट रत्नेश पांडे ने बताया है। आमतौर पर मकड़ियां जाल में कीड़े-मकौड़ों को फंसाकर खाती हैं लेकिन अफ्रीका में पाई जाने वाली

बटन मकड़ी सांपों को भी मारकर चाव से खा जाती है।
सांप तक फंस जाते हैं
ये अफ्रीकन बटन मकड़ियां मुश्किल से 1.1 सेंटीमीटर की होती हैं लेकिन इनका जहर बहुत खतरनाक होता है और ये अपने से 100 गुना ज्यादा बड़े और जहरीले सांपों को मारकर खा जाती हैं। अफ्रीकन बटन मकड़ी ऐसा जाला बुनती हैं, जिसमें सांप फंस जाते हैं। फिर वे सांप को अपने जहरीले दांतों से काटती हैं जबकि सांप अपने फन का इस्तेमाल करने की स्थिति में नहीं रह जाता। बटन मकड़ी के काटने के बाद जहरीले सांप को मरने में कुछ घंटों से लेकर एक दिन का समय लग जाता है। अगर सांप ज्यादा जहरीला हो तो उसे मरने में काफी ज्यादा समय लग सकता है।
ऐसे करती हैं शिकार
अफ्रीकन बटन मकड़ियां सबसे ज्यादा छोटे सांपों का शिकार करती हैं लेकिन कभी-कभी ये बड़े आकार के सांपों को भी अपने डंक से मार डालती हैं। अफ्रीकन बटन मकड़ियां ज्यादातर कोलूब्रिड फैमिली के सांपों का शिकार करती है या फिर रैट स्नेक सांपों का शिकार करती है। इन मकड़ियों के लिए ये कोई मायने नहीं रखता कि सांप जहरीला है या नहीं है।
जानवरों के रस पर जीते हैं
अफ्रीकन बटन मकड़ियां किसी जानवर के शरीर के अंदर के हिस्से को द्रवित कर उसका रस पी सकती हैं जिससे उनका कई दिन या हफ्तों तक गुजारा हो जाता है। ऐसे में सांप उनके लिए बेहतरीन खाना साबित होता है। अफ्रीका में काले और भूरे दोनों प्रकार के बटन मकड़ियां पाई जाती हैं। ये बटन मकड़ियां लैट्रोडक्टस प्रजाति की होती हैं और काफी जहरीली होती हैं। नर बटन मकड़ियों की तुलना में मादा बटन मकड़ियां ज्यादा जहरीली होती हैं।
दिमाग पर जहर का काम
अफ्रीकी बटन मकड़िया सभी अफ्रीकी मकड़ी प्रजातियों में से सबसे अधिक खतरनाक और जहरीली होती हैं। अफ्रीकी बटन मकड़ियों का जहर अत्यधिक न्यूरोटोक्सिक होता है जो किसी इंसान के बच्चे या एक कमजोर इम्यूनिटी वाले वयस्क को मारने की क्षमता रखती है। अफ्रीका मे छह प्रकार की बटन मकड़ियां पायी जाती है जिनमे से चार काले रंग की बटन मकड़ियां होती है और दो भूरे रंग की बटन मकड़ियां होती है|
घातक होती हैं मकड़ियां
काले बटन मकड़ियों की पहचान उनके शरीर पर बल्बनुमा काले या गहरे भूरे रंग और एक लाल धब्बा या पट्टी के साथ चिह्नित किया जाता हैं और अन्य दो प्रजातियों के बटन मकड़ियों को उनके भूरे रंग के कारण पहचाना जाता है, भूरे रंग की बटन मकड़ियां कम विषाक्त होती हैं पर इसका मतलब ये नहीं है कि भूरे रंग की बटन मकड़ियां घातक नहीं होती। भूरे रंग की बटन मकड़ियां भी जहरीली और घातक होती है। अफ्रीका मे अगर किसी ब्यक्ति को बटन मकड़ियां काटती है तो उसे तत्काल बिना किसी देरी के चिकित्सक के पास जाने कि सलाह दी जाती है।
Next Story