विश्व

महिला ने सितंबर में खुद से ही की थी शादी, अब इस कारण से ले रही तलाक

Neha Dani
24 Nov 2021 11:29 AM GMT
महिला ने सितंबर में खुद से ही की थी शादी, अब इस कारण से ले रही तलाक
x
फिलहाल महिला अब खुद से तलाक लेकर किसी और से शादी करने जा रही है।

भारत समेत दुनियाभर से शादी और रिलेशनशिप के तमाम मामले सामने आते रहते हैं। एक महिला इन दिनों अपनी शादी और तलाक को लेकर चर्चा में है। महिला ने इस साल सितंबर में खुद से ही शादी रचाई थी, इस दौरान महिला की यह शादी दुनियाभर में चर्चित हो गई थी लेकिन अब महिला अपनी ही इस शादी से तलाक ले रही है। महिला ने इस तलाक के पीछे का कारण भी बताया है।

दरअसल, ब्राजील की रहने वाली इस महिला का नाम क्रिस गैलेरा है। गैलेरा ब्राजील की एक चर्चित मॉडल हैं। इन्होंने खुद से ही शादी कर ली थी क्योंकि उनका कहना था कि वह पुरुषों पर भरोसा करके थक चुकी हैं, उन्हें कोई ढंग का पार्टनर नहीं मिल रहा है। लेकिन अब शायद इस महिला को कोई लड़का मिल गया है और वे जल्द ही उसके साथ शादी करने वाली हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर इस बारे में लोगों को बताया है। उन्होंने बताया कि शादी के बाद वह बहुत खुश थीं और किसी की कमी महसूस नहीं होती थी। ना ही उन्हें इस बात का दुख था कि उनका कोई दूल्हा नहीं है। लेकिन उन्हें अब खुद से तलाक लेना है, क्योंकि अब उनकी जिंदगी में एक ऐसे शख्स की एंट्री हो गई है जिससे उन्हें बहुत प्यार है।
महिला ने यह भी बताया कि जिस शख्स की एंट्री उनके जीवन में हो रही है वह उनका जीवनसाथी बनने लायक है और अब वह अपने प्यार से शादी करना चाहती हैं। हालांकि महिला ने उस शख्स का नाम नहीं बताया है कि वह किसके लिए खुद से तलाक लेने वाली हैं। इस महिला की कहानी सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रही है।
बता दें कि कुछ महीने पहले जब इस महिला ने खुद से शादी रचाई थी, तो उनकी तस्वीर काफी वायरल हुई थी। कुछ लोगों ने इसकी तारीफ भी की थी, जबकि कुछ ने मजाक भी उड़ाया था। इतना ही नहीं उन्हें कई पुरुषों की तरफ से प्रस्ताव प्राप्त हुए जो उनसे शादी करने के इच्छुक थे। फिलहाल महिला अब खुद से तलाक लेकर किसी और से शादी करने जा रही है।

Next Story