विश्व

विमान क्रैश होते ही पलटा, 15 यात्री घायल

Nilmani Pal
18 Feb 2025 6:32 AM IST
विमान क्रैश होते ही पलटा, 15 यात्री घायल
x
पढ़े पूरी खबर

टोरंटो। पियर्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार को डेल्टा एयरलाइंस के विमान की क्रैश लैंडिंग हुई, जिसमें 15 यात्री घायल हो गए. सीबीसी टीवी ने बताया कि विमान मिनियापोलिस से टोरंटो आ रहा था और लैंडिंग के समय रनवे पर पलट गया. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, घटनास्थल पर मौजूद पैरामेडिकल स्टाफ ने पुष्टि की कि इस हादसे में दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य को हल्की चोटें आई हैं.

टोरंटो के पियर्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने इस घटना को लेकर X पर एक पोस्ट में लिखा, 'हम मिनियापोलिस से आने वाले डेल्टा एयरलाइंस के विमान से जुड़ी एक घटना से अवगत हैं, और आपातकालीन टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं. सभी यात्रियों और चालक दल का ध्यान रखा जा रहा है.' पील रीजनल पुलिस के कांस्टेबल सारा पैटन ने दुर्घटना के संबंध में अधिक विवरण देते हुए कहा, 'एक विमान दुर्घटना हुई है. मेरी जानकारी के मुताबिक अधिकांश यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें प्लेन से बाहर निकाल लिया गया है.'

दुर्घटनाग्रस्त विमान के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, जिनमें विमान पलटा हुआ दिखाई पड़ रहा है और इमरजेंसी सर्विस की टीमें रेस्क्यू कर रही हैं. रनवे के चारों ओर बर्फ दिखाई पड़ रहा है. इस घटना के कारण टोरंटो पियर्सन हवाई अड्डे पर आने और यहां से उड़ान भरने वाली 40 से अधिक उड़ानों को देरी का सामना करना पड़ा. प्जानकारी के मुताबिक फ्लैप एक्ट्यूएटर में खराबी के कारण विमान अचानक पलट गया.


Next Story