विश्व

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में 40 कैदियों के मारे जाने की खबर, जाने अलगाववादियों ने क्या कहा

Neha Dani
29 July 2022 11:15 AM GMT
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में 40 कैदियों के मारे जाने की खबर,  जाने अलगाववादियों ने क्या कहा
x
इसके कर्मी हमले में नुकसान मलबे को हटाकर इसके नीचे दबे लोगों की तलाश कर रहे हैं।

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में 40 यूक्रेनी कैदियों के मारे जाने की खबर है। रूस समर्थित अलगाववदियों ने बताया कि यूक्रेन की ओर से हो रही गोलीबारी में 40 यूक्रेन के कैदी मारे गए हैं। इन सभी को मारियुपोल की लड़ाई के दौरान पकड़ा गया था।


अलगाववादियों ने क्या कहा
दोनास्क क्षेत्र में रूस समर्थित अलगाववादियों के एक प्रवक्ता डेनियल बेजसोनोव ने कहा है कि ओलेनिव्का शहर की जेल में शुक्रवार को यूक्रेन की ओर से की गई गोलीबारी में कम से कम 40 कैदी मारे गए और 130 घायल हो गए। हालांकि यूक्रेन के अधिकारियों की तरफ से इस रिपोर्ट पर तत्काल कुछ नहीं कहा गया है। यूक्रेन में मारियुपोल के आजोव समुद्री बंदरगाह की भीषण लड़ाई के बाद यूक्रेनी सैनिकों को बंधक बना लिया गया था। इसके बाद वे महीनों तक अजोवस्टल स्टील प्लांट में रहे थे।


कई माह तक स्टील प्लांट रूसी कब्जे से रहा बाहर
अजोवस्टल स्टील प्लांट पर रूस कई माह तक कब्जा करने में असफल रहा था। अजोव रेजिमेंट और अन्य दूसरी यूक्रेनी इकाइयों ने करीब तीन माह तक इसका बचाव किया था। हालांकि रूस ने मई में इस पर हर तरफ से हमला करके घेर लिया था, जिसके बाद यूक्रेनी सेना ने आत्मसमर्पण कर दिया था। हालांकि पकड़े गए यूक्रेनी सैनिकों को रूस के नियंत्रण वाले दोनेस्क की जेलों में ले जाया गया, जिसको रूस समर्थित अलगाववादी अधिकारियों द्वारा चलाया जाता है। गौरतलब है कि यह पूर्वी यूक्रेन का एक अलग इलाका है जहां पर रूसी समर्थित अलगाववादी रहते हैं।

रूस का यूक्रेन पर हमला जारी
यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया कि रूसी सेना देश के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्कीव पर गोलीबारी की है। शहर के मेयर इहोर तेरखोव ने बताया कि इस हमले में पूर्वोत्तर शहर का मध्य भाग प्रभावित हुआ है, जिसमें दो मंजिला इमारत और एक उच्च शिक्षण संस्थान शामिल है। तेरखोव ने बताया कि यह हमला शुक्रवार तड़के चार बजे हुआ। उन्होंने अपने टेलीग्राम पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि राज्य की आपातकालीन सेवा पहले से ही काम पर लगी हुई है। इसके कर्मी हमले में नुकसान मलबे को हटाकर इसके नीचे दबे लोगों की तलाश कर रहे हैं।

Next Story