विश्व
सबसे खतरनाक युद्धक विमान एफ-16 इन दिनों सुर्खियों में, इससे क्यों बढ़ी भारत की चिंता, चीन को लगी मिर्ची
Rounak Dey
9 Sep 2022 10:23 AM GMT

x
पाकिस्तान के इस मदद पर अफगानिस्तान में तालिबानी हुकूमत ने अपनी सख्त प्रतिक्रिया भी दी थी और चेतावनी भी।
दुनिया का सबसे खतरनाक युद्धक विमान एफ-16 इन दिनों सुर्खियों में है। इसके साथ एक बार फिर पाकिस्तान और अमेरिकी संबंधों पर दुनिया की निगाहें टिकी है। भारत की इससे चिंता बढ़ गई है। आइए जानते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है। एफ-16 के साथ अमेरिका और पाकिस्तान के संबंध क्यों चर्चा में है। इस चर्चा से चीन और रूस की चिंताएं क्यों बढ़ी है।
1- विदेश मामलों के जानकार प्रो हर्ष पंत का कहना है कि दरअसल, हाल के वर्षों में तालिबान, आतंकवाद और चीन और पाकिस्तान के प्रेम से इस्लामाबाद और वाशिंगटन के बीच रिश्तों में तल्खी आ गई थी। हालांकि, वाशिंगटन और इस्लामाबाद के इस रक्षा सौदे को दोनों देशों के बीच निकटता के रूप में देखा जा सकता है। बाइडन प्रशासन ने एफ-16 लड़ाकू जेट बेड़े के रखरखाव के लिए पाकिस्तान को 450 मिलियन अमेरिकी डालर की सहायता की मंजूरी दी है। इस रक्षा सौदे के चलते यह कयास लगाए जा रहे हैं कि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच निकटता बढ़ रही है।
2- प्रो पंत का कहना है कि बाइडन प्रशासन की विदेश नीति का एजेंडा अपने पूर्ववर्ती डोनाल्ड ट्रंप से भिन्न है। यह संकेत उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के दौरान ही दिया था। अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन की मान्यता रही है कि तनावग्रस्त देशों के साथ भी व्यापारिक रिश्तों पर असर नहीं पड़ना चाहिए। वह व्यापारिक रिश्तों को अलग रखने में विश्वास करते हैं। बाइडन ने ईरान और चीन के साथ इस तरह के रिश्तों की बात चुनाव के दौरान कही थी।
3- उन्होंने कहा कि यही कारण है कि बाइडन प्रशासन ने ट्रंप प्रशासन के फैसले को पलटते हुए पाकिस्तान को F-16 फाइटर जेट के लिए उपकरणों की खरीद को मंजूरी दे दी है। बाइडन प्रशासन की ओर से पाकिस्तान को यह वित्तीय मदद इसलिए दी जा रही है ताकि वह वर्तमान और भविष्य में आतंकवाद के खतरों से निपट सकें। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में पाकिस्तान को दी जा रही यह सबसे बड़ी सुरक्षा सहायता है। माना जाता है कि F-16 फाइटर जेट की मदद से ही पाकिस्तान ने भारत के मिग-21 विमान को मार गिराया था।
4- प्रो पंत का कहना है कि अलकायदा सरगना अल जवाहिरी की हत्या के बाद यह चर्चा जोरों पर थी कि पाकिस्तान ने इस अभियान में अमेरिका की मदद की थी। उन्होंने कहा कि जवाहिरी पर हमले में मदद करने के बाद अमेरिका ने पाकिस्तान को यह पुरस्कार दिया है। उन्होंने कहा कि जवाहिरी की हत्या में पाकिस्तान ने अमेरिका को अपनी हवाई पट्टी में अमेरिकी ड्रोन के प्रवेश की अनुमति दी थी। इसके बाद ही अमेरिका अपने इस अभियान में सफल रहा था। पाकिस्तान के इस मदद पर अफगानिस्तान में तालिबानी हुकूमत ने अपनी सख्त प्रतिक्रिया भी दी थी और चेतावनी भी।
Next Story