विश्व

टिमटिमाते तारों के बीच दिखा चांद, इर्द-गिर्द नजर आया एक खास इंद्रधनुषी घेरा

Neha Dani
29 Jan 2021 6:06 AM GMT
टिमटिमाते तारों के बीच दिखा चांद, इर्द-गिर्द नजर आया एक खास इंद्रधनुषी घेरा
x
चांद की तस्वीरें अपने आप में किसी कविता से कम नहीं होती हैं।

चांद की तस्वीरें अपने आप में किसी कविता से कम नहीं होती हैं। उस पर अगर यही चांद इंद्रधनुषी छटा से घिरा हो, तो देखने वालों के होश उड़ सकते हैं। ऐसी ही एक तस्वीर फटॉग्रफर अल्बर्टो गीजी पनीजा ने अपने कैमरे में कैद की है। इसमें कुछ टिमटिमाते तारों के बीच चांद दिख रहा है और उसके इर्द-गिर्द एक इंद्रधनुषी घेरा बना है। इस खास नजारे को लूना कोरोना (Luna Corona) कहते हैं।

आधी रात को कैद नजारा

इटली के अल्बर्टो का कहना है कि उन्होंने इस नजारे को कई बार देखा है लेकिन पहले कभी इसकी तस्वीर नहीं ले सके। इस बार लॉकडाउन के चलते वह घर पर थे और उनके पास यह खास तस्वीर लेने के लिए सारे उपकरण भी थे। करीब दो घंटे खर्च करने के बाद उन्हें यह अद्भुत तस्वीर मिली है। रात के 10 बजे से 12 बजे तक उन्होंने कई तस्वीरें लीं जिसमें हेलो, रंगीन चमक और बादलों का पर्दा भी नजर आया।
कैसे बनता है यह 'छल्ला'
चांद के गड्ढों के साथ-साथ यह इंद्रधनुष भी दिखाई दिया जो चांद की सतह से रोशनी टकराने के बाद हवा में पानी और बर्फ से स्प्लिट होने से बना था। इस दौरान बादल इतने पतले होते हैं कि रोशनी की हर किरण बूंदों की वजह से इंद्रधनुषी हो जाती है। इस तस्वीर को और खास बना दिया, पीछे से दिख रहे टिमटिमाते सितारों ने। अल्बर्टो की यह तस्वीर अब खूब शेयर की जा रही है और लोग इसकी सराहना करते नहीं थक रहे हैं।


Next Story