विश्व
खालिदा जिया के निधन की वजह से मंगलवार को 'बीपीएल' में खेले जाने वाले मैच स्थगित
jantaserishta.com
30 Dec 2025 11:25 AM IST

x
ढाका: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन मंगलवार को ढाका के एक अस्पताल में हो गया। बांग्लादेश के लिए यह राष्ट्रीय शोक का समय है। पूर्व प्रधानमंत्री के निधन की वजह से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बांग्लादेश प्रीमियर लीग में मंगलवार को खेले जाने वाले मैच स्थगित कर दिए हैं। यह घोषणा खालिदा जिया के निधन के कुछ देर बाद की गई।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान में कहा, "बीसीबी इस देश में क्रिकेट की तरक्की के लिए खालिदा जिया के आशीर्वाद और शुभकामनाओं को शुक्रिया के साथ याद करता है। प्रधानमंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने बांग्लादेश में क्रिकेट के विकास के लिए बहुत सहयोग किया। उनके सहयोग की वजह से ही देश में क्रिकेट की संरचना में सुधार और देश भर में खेल के विकास में मदद मिली। उनके सपने और हौसलों ने आज खेल में हो रही तरक्की का रास्ता बनाने में मदद की।"
बोर्ड ने कहा, "देश के शोक और बेगम खालिदा जिया की विरासत के सम्मान में, बांग्लादेश प्रीमियर लीग में मंगलवार के मैच स्थगित करने की घोषणा की जाती है। मैचों को रीशेड्यूल किया जाएगा। मैचों की नई तारीखों की जानकारी सही समय पर दी जाएगी।"
बांग्लादेश प्रीमियर लीग में मंगलवार को दो मैच खेले जाने थे। सिल्हट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहला मैच 12:30 बजे से सिल्हट टाइटंस और चटगांव रॉयल्स के बीच, जबकि दूसरा मैच ढाका कैपिटल्स और रंगपुर राइडर्स के बीच शाम 5:30 बजे से खेला जाना था।
खालिदा जिया दो बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रहीं। वह देश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं। उनका पहला कार्यकाल 1991 से 1996 तक और दूसरा कार्यकाल 2001 से 2006 तक था। खालिदा जिया देश के पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान की पत्नी थीं। वह 1984 से अपने पति द्वारा बनाई गई बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की अध्यक्ष थीं। बांग्लादेश में क्रिकेट के उत्थान में खालिदा जिया और उनके छोटे बेटे अराफात रहमान कोको का अहम योगदान रहा था।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





