
x
उजड़ा घर फिर भी मलबे पर डटा रहा वफादार कुत्ता
काठमांडू: नेपाल में आई भीषण बाढ़ और तबाही के बीच एक वफादार कुत्ते की कहानी लोगों को भावुक कर रही है। बाढ़ में घर बह गया, मालिकों का कोई पता नहीं है, लेकिन कुत्ता अब भी उसी जगह पर बैठा है जहां कभी उसका घर हुआ करता था। मलबे के बीच अपने मालिकों के लौटने का इंतजार करता यह बेजुबान जानवर लोगों के लिए उम्मीद और वफादारी की मिसाल बन गया है। यह भावुक कर देने वाला मामला नेपाल के नुवाकोट जिले के त्रिशूली बाजार का बताया जा रहा है। यहां बाढ़ ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया और पूरा इलाका मलबे में बदल गया। इसी मलबे के बीच एक काला-सफेद कुत्ता लगातार अपने पुराने घर की जगह पर डटा हुआ है।
बिस्किट से भी नहीं टूटा इंतजार
रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोगों ने कुत्ते को वहां से हटाने की कोशिश की। उसे बिस्किट और खाना भी दिया गया, लेकिन उसने वह जगह छोड़ने से इनकार कर दिया। लोगों का कहना है कि कुत्ता बार-बार उसी स्थान पर लौट आता है जहां उसके मालिकों का घर था। कुत्ते के गले में अभी भी कॉलर बंधा हुआ है। आसपास जेसीबी मशीनें मलबा हटाने में लगी हैं और राहतकर्मी बचाव अभियान चला रहे हैं, लेकिन इन सबके बीच भी वह अपने मालिकों की राह देख रहा है।
#नेपाल #बाढ़ #आपदा #रेस्क्यूचार दिन बाद भी मालिक की तलाश में भटक रहा वफादार कुत्ता pic.twitter.com/jJZ83FT2vg
— Journalist Sachin Kashyap (@Kashyap_1011) August 30, 2026
मालिकों का अब तक पता नहीं
बाढ़ की इस भयावह त्रासदी में कई लोग लापता हैं। इस कुत्ते के मालिकों की भी अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। आपदा ने इंसानों के साथ-साथ जानवरों की जिंदगी को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। नेपाल में आई बाढ़ और भूस्खलन के बाद बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान जारी है। कई इलाकों में घर, सड़कें और पुल तबाह हो चुके हैं, जिसके कारण हजारों लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
सोशल मीडिया पर भावुक कर रही तस्वीर
मलबे के बीच बैठे इस कुत्ते की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग उसकी वफादारी और अपने मालिकों के प्रति लगाव को देखकर भावुक हो रहे हैं। कई यूजर्स इसे इंसानों और जानवरों के रिश्ते की अनोखी मिसाल बता रहे हैं। प्राकृतिक आपदा ने जहां हजारों परिवारों से उनका घर और अपनों को छीन लिया है, वहीं इस कुत्ते की कहानी उम्मीद और वफादारी का संदेश दे रही है। मलबे के बीच बैठा यह बेजुबान आज भी अपने मालिकों के लौटने का इंतजार कर रहा है।
Next Story





