विश्व
द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए नीदरलैंड के विदेश मंत्री दिल्ली पहुंचे, एस. जयशंकर से करेंगे मुलाकात
jantaserishta.com
18 Dec 2025 3:51 PM IST

x
नई दिल्ली: नीदरलैंड के विदेश मंत्री डेविड वैन वील द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने के मकसद से गुरुवार को आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। भारत के विदेश मंत्रालय ने नीदरलैंड के विदेश मंत्री के भारत दौरे पर दिल्ली पहुंचने की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "भारत में आपका स्वागत है। नीदरलैंड के विदेश मंत्री डेविड वैन वील आज नई दिल्ली पहुंचे। दिल्ली और मुंबई में आयोजित उनके कार्यक्रमों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने और उनमें विविधता लाने पर फोकस रहेगा।"
इस महीने की शुरुआत में भारत और नीदरलैंड ने नई दिल्ली में 13वीं विदेश कार्यालय परामर्श बैठक की। इसमें दोनों देशों के बीच सेमीकंडक्टर और एआई, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, ग्रीन हाइड्रोजन और शिपिंग, रक्षा और सुरक्षा, महत्वपूर्ण तकनीकों और इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की गई। इसके अलावा पानी, कृषि और स्वास्थ्य (डब्ल्यूएएच एजेंडा) के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर भी चर्चा की गई।
दोनों पक्षों ने अलग-अलग क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को एक रणनीतिक आयाम देने के अपने इरादे को दोहराया। विदेश मंत्रालय की ओर से साझा जानकारी के अनुसार, भारत और नीदरलैंड ने उच्चतम राजनीतिक स्तरों पर बढ़ती बातचीत और आदान-प्रदान का स्वागत किया।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीदरलैंड के पीएम डिक शूफ ने 23 नवंबर 2025 को जोहान्सबर्ग में जी20 समिट के दौरान मुलाकात की थी। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच ऊर्जा, तकनीक, नवाचार और जल संसाधन जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी तेजी से बढ़ रही है।
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, "जोहान्सबर्ग में जी20 समिट के दौरान नीदरलैंड के प्रधानमंत्री डिक शूफ से मिला। हमारे दोनों देशों के बीच जल संसाधन, नवाचार, तकनीक और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय साझेदारी तेजी से बढ़ रही है। हम आने वाले समय में व्यापार और निवेश को और गहरा करने के लिए काम करते रहेंगे।"
दोनों नेताओं ने बैठक के दौरान रणनीतिक साझेदारी के जरिए आपसी निवेश बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की। इस सिलसिले में पीएम शूफ ने लिखा, "नीदरलैंड और भारत व्यापार, सुरक्षा और नवाचार के क्षेत्र में मिलकर काम करते हैं। हम दुनिया भर में भारत में चौथे सबसे बड़े निवेशक हैं। इसीलिए जी20 समिट के दौरान दक्षिण अफ्रीका में नरेंद्र मोदी से थोड़ी देर के लिए मिलना अच्छा रहा।"
पीएम शूफ ने लिखा, "हमने रणनीतिक साझेदारी के जरिए आपसी निवेश बढ़ाने की संभावनाओं और अगले साल नई दिल्ली में भारत-एआई इम्पैक्ट समिट में मेरे शामिल होने पर चर्चा की। नीदरलैंड और भारत लंबे समय तक मिलकर काम करते रहेंगे। तेजी से बदलती दुनिया में, यह जरूरी है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा करते रहें।"
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





