फ्रांस और ब्रिटेन के बीच बढ़ा विवाद, जवाबी कदम उठाने की दी थी चेतावनी

ब्रेक्सिट के बाद मछली पकड़ने के अधिकारों को लेकर फ्रांस और ब्रिटेन के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है. फ्रांस ने जवाबी कदम उठाने की चेतावनी दी थी जिसके बाद ब्रिटेन ने फ्रांस के राजदूत को बुलावा भेजा है.ब्रिटेन द्वारा फ्रांस के राजदूत को बुलावा भेजने के एक दिन पहले ही फ्रांस के प्रधानमंत्री जौं कैस्टैक्स ने विवाद को सुलझाने के लिए बातचीत शुरू करने का प्रस्ताव दिया था. दोनों देश ब्रिटेन और चैनल द्वीपों के इर्द गिर्द समुद्र में मछली पकड़ने वाली यूरोपीय नावों के लिए लाइसेंस के नियमों को लेकर एक दूसरे से भिड़े हुए हैं. लेकिन उसके कुछ ही घंटों के बाद ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस ने ट्वीट किया कि उन्होंने "यूके और चैनल द्वीपों के खिलाफ अनुपातहीन रूप से दी गई धमकियों" पर सफाई देने के लिए फ्रांस के राजदूत को बुलावा भेजा है. फ्रांस ने चेतावनी दी है कि अगर उसकी नावों को अभी भी लाइसेंस नहीं मिला तो वो जल्द ही जवाबी कदम उठाएगा.





