विश्व

विदेश के उप प्रधानमंत्री ने अपनी बेटी का नाम हिंद रखा

Nil dhankar
27 March 2025 9:09 AM IST
विदेश के उप प्रधानमंत्री ने अपनी बेटी का नाम हिंद रखा
x

दुबई। क्राउन प्रिंस शेख हमदान के घर पर बेटी का जन्म हुआ है। खबर है कि उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी है। खास बात है कि उन्होंने अपनी बेटी का नाम 'हिंद' रखने का फैसला किया है। इससे पहले शाही जोड़े के दो बेटे और एक बेटी भी हैं। हमदान साल 2008 से ही दुबई के क्राउन प्रिंस हैं। साथ ही वह संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री भी हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शेख हमदान ने बेटी का नाम 'हिंद' अपनी मां शेखा हिंद बिंत मक्तूम बिन जुमा अल मक्तूम के सम्मान में रखा है। शेख हमदान दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मक्तूम और शेखा हिंद बिंत मक्तूम बिन जुमा अल मक्तूम के दूसरे बेटे हैं। शेख हमदान सोशल मीडिया पर भी काफी ऐक्टिव रहते हैं। इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स की संख्या करीब 17 मिलियन है। वह @faz3 हैंडल पर पोस्ट के जरिए अपनी जीवन की झलकियां साझा करते हैं।

शेख हमदान ने शेखा शेखा बिंत सईद बिन थानी अल मक्तूम से साल 2019 में शादी की थी। शेखा दुबई के शासक परिवार अल मक्तूम परिवार से हैं। शाही जीवन जीने के बाद भी वह लाइमलाइट से दूर रहती हैं। बेटी के जन्म से पहले शाही जोड़े को दो बेटे और एक बेटी है। जुड़वा शेखा और राशिद का जन्म मई 2021 में हुआ था। वहीं, फरवरी 2023 में बेटे का जन्म हुआ, जिनका नाम मोहम्मद बिन हमदान बिन मोहम्मद अल मक्तूम रखा गया था।

Next Story