विश्व

ट्रेन स्टेशन पर मिसाइल हमले में मरने वालों की संख्या बढ़ी, यूक्रेन से विस्थापित लोगों की संख्या 45 लाख के पार

Subhi
11 April 2022 12:50 AM GMT
ट्रेन स्टेशन पर मिसाइल हमले में मरने वालों की संख्या बढ़ी, यूक्रेन से विस्थापित लोगों की संख्या 45 लाख के पार
x
रूस-यूक्रेन के बीच जंग का आज 45वां दिन है। रूस ने अब पूर्वी यूक्रेन को निशाना बनाना शुरू किया है। यहां के शहरों पर रूसी मिसाइलों से जोरदार हमले किए जा रहे हैं।

रूस-यूक्रेन के बीच जंग का आज 45वां दिन है। रूस ने अब पूर्वी यूक्रेन को निशाना बनाना शुरू किया है। यहां के शहरों पर रूसी मिसाइलों से जोरदार हमले किए जा रहे हैं। इस बीच यू्क्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि, व पूर्वी क्षेत्र में रूस से कड़ी लड़ाई के लिए तैयार हैं। इधर, कीव पहुंचे ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने यूक्रेन को वित्तीय और सैन्य सहायता का एक नया पैकेज देने की घोषणा की है।

यूक्रेन की अभियोजक जनरल इरीना वेनेडिक्टोवा ने कहा कि राजधानी कीव के आसपास के क्षेत्र में अब तक 1,222 शव मिले हैं। आक्रमण शुरू होने के बाद से यूक्रेनी अधिकारी रूसी सैनिकों द्वारा किए गए कथित युद्ध अपराधों के 5,600 मामलों की जांच कर रहे हैं।

यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि रूसी सेना ने पूर्वी यूक्रेन में रविवार में भारी गोलाबारी की। जिसमें एक बच्चे सहित 10 नागरिकों की मौत हो गई और खार्किव के आसपास 11 अन्य घायल हो गए। खार्किव क्षेत्र के गवर्नर ओलेग सिनेगुबोव ने रविवार को टेलीग्राम पर पोस्ट किया कि रूसी सेना नागरिकों पर युद्ध छेड़ रही है।

इस साल यूक्रेन की अर्थव्यवस्था के 45.1 प्रतिशत तक गिरने की उम्मीद है। युद्ध से आर्थिक परिणाम भुगतना पड़ा है, जिसके कारण 40 लाख से अधिक यूक्रेन के लोग पलायन कर गए और अनाज और ऊर्जा की कीमतें बढ़ गईं। वहीं रूस को सकल घरेलू उत्पाद में 11.2 प्रतिशत की गिरावट देखने की उम्मीद है।

संयुक्त राष्ट्र के परमाणु निगरानीकर्ता ने कहा कि यूक्रेन ने बताया है कि बंद हो चुके चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र पर तैनात कर्मचारियों की पाली तीन हफ्ते के बाद पहली बार रूसी सैनिकों के इलाके से वापस जाने के बाद बदली गई है।

विएना स्थित अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है। उल्लेखनीय है कि युद्ध के शुरुआत में ही रूसी सैनिकों ने वर्ष 1986 में परमाणु आपदा के केंद्र रहे इलाके को अपने कब्जे में ले लिया था।

व्हाइट हाउस ने कहा है कि राष्ट्रपति जो बाइडन भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर इस बात का दबाव बनाएंगे कि वह यूक्रेन पर रूस के आक्रमण को लेकर कड़ा रुख अपनाएं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच सोमवार को डिजिटल तरीके से एक बैठक होनी है।

युद्ध पर भारत के तटस्थ रुख को लेकर अमेरिका में चिंताएं उत्पन्न हुई हैं। हालांकि रूस ने भारत के रुख की सराहना की है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने इस महीने भारत की तारीफ करते हुए कहा था कि भारत ने पूरी स्थिति को समग्र तरीके से समझा है।

ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर ने सोमवार को व्लादिमीर पुतिन के साथ अपनी यात्रा के दौरान बुचा में कथित युद्ध अपराधों के बारे में बात करने की योजना बनाई है। फरवरी में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से नेहमर रूसी राष्ट्रपति से मिलने वाले पहले यूरोपीय नेता होंगे।

यूक्रेन ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि क्रामाटोर्स्क ट्रेन स्टेशन पर मिसाइल हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 57 हो गई है।

डोनेट्स्क क्षेत्र के गवर्नर पावलो किरिलेंको ने कहा कि 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अमेरिका ने भी हमले के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराया है। मास्को ने जिम्मेदारी से इनकार किया है।


Next Story