विश्व

तालिबान ने अफगानिस्तान में UN की महिलाओं को हिजाब पहनने का फरमान

Neha Dani
18 May 2022 11:04 AM GMT
तालिबान ने अफगानिस्तान में UN की महिलाओं को हिजाब पहनने का फरमान
x
यही नहीं तालिबान (Taliban Govt) कक्षा-6 और उससे ऊपर की लड़कियों के लिए शिक्षा पर प्रतिबंध लगा चुका है।

अफगानिस्‍तान में महिलाओं के अधिकारों का दमन लगातार जारी है। समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक तालिबान ने अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (UN Assistance Mission in Afghanistan, UNAMA) की महिलाओं और कर्मचारियों को हिजाब (Hijab) पहनने का आदेश दिया है। खामा प्रेस ने बताया कि UNAMA के एक बयान के अनुसार तालिबान अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त राष्ट्र से कहा कि महिला कर्मचारियों को हिजाब पहनने पर विचार करना चाहिए।

संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (UN Assistance Mission in Afghanistan, UNAMA) की ओर से जारी बयान के मुताबिक तालिबान सरकार के अधिकारी संयुक्त राष्ट्र कार्यालय के बाहर भी खड़े होंगे ताकि इस बात की जांच की जा सके कि यूएन कर्मचारियों द्वारा हिजाब पहना जा रहा है या नहीं। यदि यूएन मिशन की किसी महिला कर्मचारी को हिजाब के बिना देखा जाता है तो तालिबान के अधिकारी विनम्रतापूर्वक बताएंगे कि उसे हिजाब पहनना चाहिए।
तालिबान का दावा है कि महिलाओं के लिए ड्रेस कोड का पालन करने को कहा गया है। इसे अनिवार्य रूप से लागू किया जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र में काम करने वाली अफगान महिलाओं पर भी यह नियम लागू है। ह्यूमन राइट्स वाच में महिला अधिकार प्रभाग की एसोसिएट डायरेक्टर हीथर बर्र ने ट्वीट कर कहा कि दर्जनों अफगान महिलाएं नए आदेश का विरोध कर रही हैं। हाल ही में तालिबान ने अफगान महिलाओं को मेकअप करने से रोक दिया था।
उल्‍लेखनीय है कि तालिबान के नेतृत्व वाली सरकार (Taliban Govt) लगातार महिलाओं के मानवाधिकारों का उल्‍लंघन कर रही हैं। अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र मिशन ने तालिबान के इस फरमान पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय महिलाओं के मानवाधिकारों का खंडन करता है। यही नहीं तालिबान (Taliban Govt) कक्षा-6 और उससे ऊपर की लड़कियों के लिए शिक्षा पर प्रतिबंध लगा चुका है।

Next Story