
x
तालिबान (Taliban) के शीर्ष नेता हैबतुल्ला अखुंदजादा (Haibatullah Akhundzada) ने पहली बार सार्वजनिक रूप से मौजूदगी दर्ज कराई है
काबुल. तालिबान (Taliban) के शीर्ष नेता हैबतुल्ला अखुंदजादा (Haibatullah Akhundzada) ने पहली बार सार्वजनिक रूप से मौजूदगी दर्ज कराई है. शीर्ष नेता ने हाल ही में अपने समर्थकों से मुलाकात की है. इस बात की जानकारी तालिबान के अधिकारियों ने रविवार को दी. खास बात है कि अखुंदजादा सुर्खियों से दूर रहते हैं, जिसके चलते हाल ही में उनकी मौत की अफवाह भी उड़ी थी. खबर है कि 2016 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है, जब तालिबान का शीर्ष नेता सार्वजनिक रूप से सामने आया है. हालांकि, कार्यक्रम की कोई तस्वीर या फोटो सार्वजनिक तौर पर सामने नहीं आई है.
तालिबान के अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को अखुंदजादा 'बहादुर सैनिकों और अनुयायियों से बात करने' के लिए दारूल उलूम हकीमा मदरसा पहुंचे थे. इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे. तालिबान की तरफ से कार्यक्रम का एक 10 मिनट का ऑडियो जारी किया गया है. इस ऑडिया में अखुंदजादा को 'अमीरूल मोमिनीन' कहा जा रहा है. पूरे ऑडियो में अखुंदजादा ने धार्मिक संदेश दिया. इस दौरान उन्होंने इस 'बड़ी परीक्षा' में तालिबान के मारे गए, घायल हुए लड़ाकों और इस्लामिक अमीरात के अधिकारियों के लिए दुआ की. अखुंदजादा के इन बयानों के बाद अटकलें लगाई जाने लगी हैं कि वह नई सरकार में अपने लिए बड़ी भूमिका की योजना बना रहे हैं.
Next Story





