विश्व

तालिबान ने आठवीं प्रांतीय राजधानी पर भी किया कब्जा, भीषण लड़ाई में 439 आतंकी ढेर

Neha Dani
12 Aug 2021 2:27 AM GMT
तालिबान ने आठवीं प्रांतीय राजधानी पर भी किया कब्जा, भीषण लड़ाई में 439 आतंकी ढेर
x
तालिबान ने ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान से लगी सीमा के क्षेत्रों पर पूरी तरह कब्जा कर लिया है।

अफगानिस्तान पर तालिबान तेजी से काबिज होता जा रहा है। अब वह राजधानी काबुल की ओर बढ़ रहा है। उसने छह दिनों में आठवीं प्रांतीय राजधानी कब्जा कर लिया है। तालिबान ने पुल ए खुमरी और फैजाबाद को अपने नियंत्रण में ले लिया है। पुल ए खुमरी काबुल से सवा दो सौ किमी दूर है। तालिबान ने छह प्रांतीय राजधानियों पर कब्जा करने के बाद पिछले 24 घंटे में बगलान प्रांत की राजधानी पुल ए खुमरी पर पूरी तरह कब्जा कर लिया। इसके बाद उसने बदख्शान की राजधानी फैजाबाद को भी हासिल कर लिया। बदख्शान प्रांत की सीमा ताजिकिस्तान, पाकिस्तान और चीन से लगी हुई है।

काबुल जाने वाले राजमार्ग पर कब्‍जा
यह अफगान सरकार के लिए बड़ा धक्का है। उसकी चिंता पुल ए खुमरी पर कब्जे के बाद बढ़ गई है। इस शहर पर कब्जे के बाद काबुल जाने वाले राजमार्ग पर तालिबान का कब्जा हो गया है। तालिबान अमेरिका के समर्थन वाले देश में पूरी तरह इस्लामिक कानूनों को लागू करना चाहता है। यूरोपीय यूनियन के अधिकारी के अनुसार अभी 11 प्रांतीय राजधानियों पर भीषण संघर्ष चल रहा है। तालिबान ने काबुल के उत्तर के उन क्षेत्रों पर भी कब्जा कर लिया है, जहां से काबुल के लिए बिजली की सप्लाई की जा रही है।
कंधार में भीषण लड़ाई
कंधार पर भीषण संघर्ष चल रहा है। यहां पर हवाई हमले में 10 आतंकी मारे गए। कंधार में भीषण हिंसा के चलते यहां से 30 हजार परिवारों का पलायन हो गया है। बल्ख प्रांत के मजार ए शरीफ को तालिबान के चारों तरफ से घेरने के बाद इस शहर में अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी पहुंच गए। उनके साथ उनके सुरक्षा और राजनीतिक सलाहकार मोहम्मद मोहाकिक भी थे। यहां अशरफ गनी ने सुरक्षा के संबध में एक बैठक भी की। इसमें बल्ख के गवर्नर व अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। इधर रूस की मीडिया ने दावा किया है कि तालिबान ने ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान से लगी सीमा के क्षेत्रों पर पूरी तरह कब्जा कर लिया है।


Next Story