विश्व
ताइवान ने कहा- चीन 2025 तक उस पर बड़े पैमाने पर आक्रमण कर सकता है
Rounak Dey
6 Oct 2021 3:31 PM IST

x
इसे लेकर चेतावनी देते हुए ताइवान ने कहा कि लड़ाकू विमानों की घुसपैठ के बाद अगर चीन ने हम पर कब्जा किया तो क्षेत्रीय शांति के लिए इसके विनाशकारी परिणाम होंगे।
ताइवान ने बुधवार को कहा कि चीन 2025 तक उस पर बड़े पैमाने पर आक्रमण कर सकता है। ताइवान के रक्षा मंत्री चिउ कुओ-चेंग ने कहा कि चीन के साथ 40 सालों के दौरान वर्तमान स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। बता दें कि हाल के दिनों में चीन ने ताइवान के क्षेत्र में युद्धक विमानों की घुसपैठ की है। एक अक्टूबर से अभी तक ताइवान के वायु रक्षा क्षेत्र में 150 चीनी लड़ाकू विमानों ने उड़ान भरी है, जिस पर ताइवान ने कड़ी आपत्ति जताई है।
ताइवान ने कहा कि खुद को बचाने के लिए जो भी कदम उठाना होगा, हम उठाएंगे और उसके लिए हम तैयार हैं। देश की राष्ट्रपति त्साइ इंग वेन ने कहा कि ताइवान हर हालत में अपनी रक्षा करेगा। ताइवान का चीन पर आरोप है कि बीजिंग की तरफ से पिछले दिनों कई बार हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया गया है। इसे लेकर चेतावनी देते हुए ताइवान ने कहा कि लड़ाकू विमानों की घुसपैठ के बाद अगर चीन ने हम पर कब्जा किया तो क्षेत्रीय शांति के लिए इसके विनाशकारी परिणाम होंगे।
Next Story





