विश्व

समोआ के अजीबोगरीब कानून, पत्नी का जन्मदिन भूलने पर पति को जेल?

Neha Dani
24 Nov 2021 4:58 AM GMT
समोआ के अजीबोगरीब कानून, पत्नी का जन्मदिन भूलने पर पति को जेल?
x
वहीं सिंगापुर में च्युइंग गम पर प्रतिबंध है क्योंकि इससे गंदगी होती है।

दुनिया में ऐसे कई देश हैं जहां मामूली सी हरकत के लिए आपको गंभीर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। फिर भले ही उससे किसी को नुकसान न पहुंचता हो। इनमें ऐसे-ऐसे नियम शामिल हैं जिन्हें सुनकर शायद यकीन करना मुश्किल हो। उदाहरण के लिए, अपनी पत्नी का जन्मदिन भूल जाना। प्रशांत महासागर के पोलिनेशियन क्षेत्र के समोआ में अपनी पत्नी या पति के जन्मदिन को भूलने पर निवासियों को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

इतना ही नहीं इसके लिए उन्हें जेल भी जाना पड़ सकता है। इस खबर पर विश्वास करना थोड़ा मुश्किल है। समोआ एक खूबसूरत ओशिनिया देश है जो हाल ही में एक चौंकाने वाली खबर को लेकर चर्चा में आ गया था। कई बार ऐसी खबरें आ चुकी हैं जिनमें बताया गया कि समोआ में एक अजीब कानून मौजूद है, जो अपने जीवनसाथी के जन्मदिन को भूल जाने वाले पुरुषों को जेल में डाल देता है।
कानून को लेकर दावे में कितनी सच्चाई?
जर्मन भाषा के एक फेसबुक पेज faktastisch ने भी अपने पाठकों को चौंका दिया जब उसने दावा किया कि अपनी पत्नियों के जन्मदिन भूलने पर सामोन पुरुषों को जेल जाने का जोखिम होता है। लेकिन समोआ के एक अखबार समोआ ऑब्जर्वर ने कथित तौर पर एक वकील, फियोना आई से बात की। उन्होंने ऐसे किसी कानून की जानकारी होने से इनकार किया है। अखबार ने कहा कि वकीलों की एक मैग्जीन लॉयर्स मंथली ने भी 2019 में इस कथित रूप से सक्रिय सामोन कानून से संबंधित एक खबर प्रकाशित की थी।
अजीबोगरीब कानून वाले कई देश
फियोना ने कहा कि कथित कानून को लेकर खबरें इस बात का एक बड़ा उदाहरण है कि आपको इंटरनेट पर पढ़ी गई हर बात पर विश्वास क्यों नहीं करना चाहिए। फिर भले ही वह लॉयर्स मंथली में प्रकाशित हुई हो। अजीबोगरीब कानून वाले देशों में उत्तर कोरिया भी शामिल है, जहां नीली जींस पहनना गैर-कानूनी है क्योंकि इसे अमेरिकी साम्राज्यवाद के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। वहीं सिंगापुर में च्युइंग गम पर प्रतिबंध है क्योंकि इससे गंदगी होती है।

Next Story