विश्व

ऑस्ट्रेलिया में समुद्र तट पर दिखा अजीबोगरीब जीव, डर गए थे स्थानीय लोग

Neha Dani
30 July 2022 6:14 AM GMT
ऑस्ट्रेलिया में समुद्र तट पर दिखा अजीबोगरीब जीव, डर गए थे स्थानीय लोग
x
उसकी मौत के कारण जांचने के लिए वैज्ञानिकों ने शोध भी शुरू कर दिया है।

सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में समुद्र तट के किनारे एक रहस्यमय जीव के दिखाई देने के बाद सनसनी फैल गई। अजीब दिखाई देने वाला यह जीव समुद्र तट की रेत पर मरा हुआ मिला। शुरुआत में तो तट पर टहल रहे लोगों में से किसी की उसके पास जाने की हिम्मत नहीं हुई। कई घंटे देखने के बाद जब जीव में कोई हलचल नजर नहीं आई, तब कुछ लोग करीब पहुंचे। इस जीव के पीठ पर समुद्री पौधे जमे हुए थे। स्थानीय लोगों और समुद्री वैज्ञानिकों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इस जीव जैसा कुछ नहीं देखा। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह जीव गहरे पानी में रहने वाला है, जो तेज लहरों में फंसकर समुद्र के किनारे आ गया था।

सिडनी के ग्रीनहिल्स बीच पर आया नजर
द मिरर की रिपोर्ट के अनुसार, इस जीव को सिडनी के ग्रीनहिल्स बीच पर देखा गया। स्थानीय निवासी विकी हेन्सन ने याहू न्यूज ऑस्ट्रेलिया को बताया कि वह शनिवार की सुबह अपने कुत्ते को टहला रही थी तब उन्होंने इस अजीब जीव को देखा था। इस जीव का वीडियो बनाने वाले एक शख्स ने कहा कि शुरुआत में तो हमें इस जीव के पास जाने से डर लग रहा था, लेकिन जब हमने कोई हलचल नहीं देखी तो हमें करीब जाने की हिम्मत मिली। इस जीव के शरीर पर अजीब तरह की बनावट थी।

लोग बोले- अजीब और राक्षसी जीव
एक महिला ने दावा किया कि उसने इस विचित्र जीव को समुद्र तट पर चलते हुए देखा था। उसने इस जीव को अजीब, राक्षसी और डराने वाला बताया। महिला ने कहा कि उसे उम्मीद थी कि ज्वार इस जीव को वापस अपने साथ समुद्र में लेकर जाएगा। लेकिन, अब वह मर चुका है। इस जीव को देखने के लिए सिडनी के ग्रीनहिल्स बीच पर लोगों का तातां लगा हुआ है। उनका कहना है कि ऐसा जीव पहले कभी नहीं देखा गया है। लोग इस जीव की बनावट को देखकर हैरान हो रहे हैं।
वैज्ञानिकों ने जीव को कब्जे में लिया
ऑस्ट्रेलियाई समुद्री वैज्ञानिकों ने इस जीव को अपने कब्जे में ले लिया है। इस जीव की प्रजाति का पता लगाने, उसकी मौत के कारण जांचने के लिए वैज्ञानिकों ने शोध भी शुरू कर दिया है।

Next Story