विश्व

एआई से नकल रोकने के लिए दक्षिण कोरिया सरकार ने झोंकी पूरी ताकत, कॉलेज प्रवेश परीक्षा से पहले बढ़ी चिंता

jantaserishta.com
16 Nov 2026 8:30 AM IST
एआई से नकल रोकने के लिए दक्षिण कोरिया सरकार ने झोंकी पूरी ताकत, कॉलेज प्रवेश परीक्षा से पहले बढ़ी चिंता
x
सोल: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दुरुपयोग से परीक्षा व्यवस्था की निष्पक्षता पर मंडरा रहे खतरे को देखते हुए दक्षिण कोरिया सरकार ने अहम फैसला लिया है। प्रधानमंत्री हान सियोंग-सुक ने सोमवार को कहा कि उन्नत एआई तकनीक के गलत इस्तेमाल से होने वाली किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए देश की सभी क्षमताओं का इस्तेमाल किया जाएगा।
सरकार की चिंता की वजह हाल ही में सामने आया एक ऐसा मामला है, जिसने देश की राष्ट्रीय परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस साल प्रमाणित कर सलाहकार (टैक्स अकाउंटेंट) परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले एक अभ्यर्थी ने रविवार को स्वीकार किया कि उसने दोनों चरणों में नकल करने के लिए सूक्ष्म कैमरे, स्मार्टफोन और जनरेटिव एआई का इस्तेमाल किया था।
उसने बताया कि वह कैमरे से प्रश्नों की तस्वीर लेकर उन्हें एआई टूल पर भेजता था और फिर स्मार्टफोन पर उत्तर देखता था। उसने चार्टर्ड अकाउंटेंट की परीक्षा में भी इसी तरीके से नकल करने की बात कही है। योनहाप समाचार एजेंसी के अनुसार, प्रधानमंत्री हान ने इस मामले के बाद अधिकारियों के साथ बैठक में कहा, "सरकार एआई तकनीक के दुरुपयोग से जुड़ी किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए पूरी तैयारी करेगी।"
उन्होंने 2027 के कॉलेज स्कॉलैस्टिक एबिलिटी टेस्ट (सीएसएटी) के लिए विभिन्न मंत्रालयों और एजेंसियों को मिलाकर एक आपात प्रतिक्रिया दल गठित करने की बात भी कही, ताकि रोकथाम के साथ-साथ ऐसी घटनाओं के बाद कार्रवाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित हो सके।
प्रधानमंत्री ने कहा, "एआई तकनीक के तेजी से आगे बढ़ने के कारण, नकल के नए तरीकों से निपटने में परीक्षा प्रबंधन के पारंपरिक तरीकों की अपनी सीमाएं हैं। हमें नकल के लगातार बदलते और अत्याधुनिक तरीकों का तेजी से और पूरी तरह से जवाब देने में सक्षम होना होगा—जिसमें न केवल एआई चश्मे, बल्कि बेहद छोटे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बाहर से मिलने वाली मदद भी शामिल है।"
हान ने अधिकारियों से कहा कि वे विभिन्न तकनीकी उपायों पर विचार करें, जिसमें राष्ट्रीय परीक्षाओं के लिए एआई जैसी उन्नत पहचान तकनीकों का विकास और उन्हें लागू करना शामिल है। उन्होंने प्रशासन से एक व्यापक सरकारी रणनीति तैयार करने की अपील की है।
उन्होंने कहा, "परीक्षा का एक ऐसा निष्पक्ष माहौल बनाना जिस पर लोग भरोसा कर सकें, सरकार का एक बुनियादी कर्तव्य है जिसे उसे पूरा करना ही चाहिए। परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखने का सीधा संबंध जनता के भरोसे से है। इसलिए, सरकार के हर मंत्रालय को प्रभावी उपाय तैयार करने चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उन्हें पूरी तरह से लागू किया जाए।"
दक्षिण कोरिया की यह राष्ट्रीय कॉलेज प्रवेश परीक्षा 19 नवंबर को होनी है। परीक्षा से महज तीन दिन पहले सामने आए इस खुलासे ने आशंका बढ़ा दी है कि एआई की मदद से नकल के ऐसे तरीके दूसरी परीक्षाओं में भी इस्तेमाल हो सकते हैं।
इससे पहले अक्टूबर में सोल के दो विश्वविद्यालयों की प्रवेश परीक्षाओं में एआई चश्मे के जरिए नकल करने के मामले सामने आए थे। इस साल मध्य और उच्च विद्यालयों में भी एआई चश्मे से नकल के चार मामले दर्ज किए गए हैं।
TagsAI
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story