विश्व

श्रीलंका में बाढ़ और भूस्खलन से 6 की मौत...पांच लोग हुए लापता

Subhi
6 Jun 2021 12:49 AM GMT
श्रीलंका में बाढ़ और भूस्खलन से 6 की मौत...पांच लोग हुए लापता
x
श्रीलंका में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन में शनिवार को छह लोगों की मौत हो गई

श्रीलंका में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन में शनिवार को छह लोगों की मौत हो गई और पांच लापता हो गए, जबकि 5,000 से अधिक विस्थापित हो गए हैं। बृहस्पतिवार रात से हिंद महासागर के इस द्वीपीय देश के छह जिलों में बारिश होने से कई घर, धान के खेत और सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे यातायात अवरुद्ध हो गया है।

सरकार के आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार, बाढ़ में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों ने भूस्खलन में अपनी जान गंवा दी। बाढ़ और भूस्खलन में पांच अन्य लोग लापता हैं। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को राजधानी कोलंबो से 85 किलोमीटर पूर्व में, केगले जिले के एक घर पर एक टीला गिर गया जिसमें एक ही परिवार के चार सदस्य दफन हो गए।

कीचड़ और मलबा हटाने के बाद अब तक एक बच्ची का शव निकाला जा सका है। जानकारी के मुताबिक इस बाढ़ और भूस्खलन से देश के1.7 लाख लोग सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं जबकि 5,000 से ज्यादा लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं।

150 मिमी तक बारिश की आशंका

मौसम विभाग ने आशंका जताई कि सप्ताहांत में 150 मिलीमीटर की भारी बारिश होगी। लोगों को भारी बिजली के बारे में भी सतर्क रहने को कहा गया है। विभाग ने आशंका जताई कि इस दौरान देश के उत्तरी, उत्तर मध्य और उत्तर-पश्चिमी प्रांतों में हवा की रफ्तार 50 से 55 किमी प्रति घंटे तक बढ़ सकती है।


Next Story