विश्व

पाकिस्तान के पेशावर में सिख व्यक्ति की गोली मारकर हत्या

HARRY
25 Jun 2023 1:33 PM GMT
पाकिस्तान के पेशावर में सिख व्यक्ति की गोली मारकर हत्या
x
पाकिस्तान | पेशावर शहर में शनिवार को कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने एक सिख व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ लक्षित हमलों की यह ताजा घटना है। मनमोहन सिंह नामक सिख व्यक्ति पेशावर के उपनगरीय इलाके रशीद गढ़ी से आंतरिक शहर क्षेत्र की ओर जा रहा था कि तभी गुलदारा चौक काकशाल के पास कुछ हथियारबंद लोगों ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि मनमोहन सिंह को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिछले 48 घंटों में यक्का तूत इलाके में किसी सिख व्यक्ति पर हमले की यह दूसरी घटना है। शुक्रवार को पैरों में गोली लगने से एक सिख व्यक्ति घायल हो गया था। गौरतलब है कि मार्च में अज्ञात हमलावरों ने शहर में एक सिख व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
रिपोर्ट के मुताबिक इलाके में 48 घंटे के भीतर सिख समुदाय के शख्स पर ये दूसरा हमला है पेशावर में लगभग 15,000 सिख रहते हैं, ज्यादातर प्रांतीय राजधानी पेशावर के जोगन शाह पड़ोस में बसे हैं। पेशावर में सिख समुदाय के अधिकांश सदस्य व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि कुछ की फार्मेसी भी हैं। पिछले साल सितंबर में पेशावर में एक प्रसिद्ध सिख हकीम की अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। सिख हकीम की हत्या उसी के क्लिनिक में कर दी गई थी। इससे पहले साल 2018 में पेशावर में ही सिख समुदाय के एक प्रमुख सदस्य चरणजीत सिंह की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी थी। इसके दो साल बाद साल 2020 में न्यूज चैनल के एंकर रविंदर सिंह की हत्या कर दी गई । वहीं साल 2016 में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ नेशनल असेंबली के सदस्य सोरेन सिंह की भी पेशावर में हत्या कर दी गई थी।
Next Story