
x
जावा सागर में जहाज लापता 240 यात्रियों
जकार्ता: इंडोनेशिया में एक यात्री जहाज के लापता होने से हड़कंप मच गया है। जहाज में 240 से ज्यादा लोग सवार बताए जा रहे हैं। जावा सागर में जहाज से संपर्क टूटने के बाद इंडोनेशियाई बचाव एजेंसियों ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
Virgo Transport 8 नाम का यह जहाज पूर्वी जावा के सुराबाया से दक्षिण कालीमंतन के बंजर्मासिन की ओर जा रहा था। इसी दौरान समुद्र में जहाज से संपर्क टूट गया। अधिकारियों के अनुसार, जहाज की आखिरी लोकेशन बंजर्मासिन के एक बंदरगाह से करीब 148 किलोमीटर दूर जावा सागर में बताई गई है।
खराब मौसम के बीच टूटा संपर्क
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जहाज के ऑपरेटर ने अधिकारियों को बताया कि यात्रा के दौरान जहाज खराब मौसम की चपेट में आया था। इसके बाद संपर्क स्थापित नहीं हो सका। हालांकि अभी तक किसी तरह के नुकसान या यात्रियों के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलते ही इंडोनेशिया की खोज और बचाव एजेंसी ने अभियान शुरू किया। बचाव दल को संभावित स्थान पर भेजा गया है और समुद्री अधिकारियों के साथ मिलकर जहाज की तलाश की जा रही है।
यात्रियों की सुरक्षा पर नजर
अधिकारियों ने बताया कि बड़ी संख्या में लोगों के सवार होने के कारण सभी उपलब्ध संसाधनों को तलाश अभियान में लगाया जा रहा है। समुद्री स्थिति और मौसम पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल बचाव टीमों की प्राथमिकता जहाज का पता लगाना और उसमें मौजूद यात्रियों व चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जैसे-जैसे सर्च ऑपरेशन आगे बढ़ेगा, स्थिति की और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
Next Story





