विश्व

अचंभे में Scientist: कैस्पियन सागर में रहस्यमय तरीके से 272 सील की मौत, बड़ी संख्या में वै‍ज्ञानिक इसकी...

Triveni
14 Dec 2020 7:54 AM GMT
अचंभे में Scientist: कैस्पियन सागर में रहस्यमय तरीके से 272 सील की मौत, बड़ी संख्या में वै‍ज्ञानिक इसकी...
x
रूस के दागिस्‍तान इलाके में कैस्पियन सागर के तट पर रहस्‍यमय तरीके से 272 कैस्पियन सील को मृत पाया गया है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क| मास्‍को: रूस के दागिस्‍तान इलाके में कैस्पियन सागर के तट पर रहस्‍यमय तरीके से 272 कैस्पियन सील को मृत पाया गया है। चारों से तरह से जमीन से घिरे कैस्पियन सागर में ही इन सील को पाया जाता है। रूसी फेडरल फ‍िशरी एजेंसी के मुताबिक 272 सील को मृत पाया गया है। ये मृत सील सुलक इलाके में अजरबैजान की सीमा तक पाए गए हैं। ये सील दुनिया के संकटग्रस्‍त जीवों में शामिल किए जाते हैं।

रसिया टुडे टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक इन सील की मौत कैसे हुई अभी इसका पता नहीं चल पाया है। समुद्री इलाके में जब पहले सील की लाश मिली थी तब कैस्पियन नेचर कंजरवेशन सेंटर के डायरेक्‍टर जौर गपिजोव ने कहा था कि शिकारी चीन में बने प्‍लास्टिक के जाल का इस्‍तेमाल कर रहे हैं जिससे सील की जान को खतरा हो गया है। इसके अलावा बड़ी मात्रा में गंदा पानी समुद्र में छोड़ा जा रहा है, इससे सील की जान को खतरा हो गया है।
वैज्ञानिक सील की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पहुंचे
बड़ी संख्‍या में वैज्ञानिक सील की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए दागिस्‍तान पहुंच गए हैं। वहीं कुछ विशेषज्ञों का दावा है कि खराब मौसम और बीमारी या गंदे पानी की वजह से इन सील की मौत हुई है। कैस्पियन सागर दुनिया की सबसे बड़ी झील है जो चारों ओर से अजरबैजान, ईरान, कजाखस्‍तान, रूस और तुर्कमेनिस्‍तान से घिरा हुआ है। यह झील मछली के अंडों और तेल के लिए प्रसिद्ध है। यह कई ऐसे जीवों का घर है जो पूरी दुनिया में कहीं नहीं पाए जाते हैं।
दागिस्‍तान मास्‍को से 1500 किमी दक्षिण में स्थित है और मुस्लिम बहुल इलाका है। इससे पहले इसी साल रूस के सुदूरवर्ती इलाके कमचतका प्रायद्वीप पर सैकड़ों समुद्री जीव मृत पाए गए थे। स्‍थानीय लोगों ने बताया था कि अवचा बीच पर मरी हुईं मछलियां, झींगे और केकड़े पाए गए थे। कमचतका इलाका यूनेस्‍को के विश्‍व विरासत स्‍थलों की सूची में शामिल है।


Next Story