
रूसी सेना ने शुक्रवार को खारकीव के पास एक दिव्यांग देखभाल केंद्र पर मिसाइल दागी और बम बरसाए। हमले में केंद्र की इमारत ढह गई। इमारत के मलबे से अब तक केंद्र में रह रहे 330 दिव्यांगों में से 63 को निकाल लिया गया है। लेकिन अब भी 267 मलबे में दबे हुए हैं। इससे पहले मैरियूपोल के प्रसूति अस्पताल पर भी रूसी बमबारी में कई महिलाएं और बच्चे मारे गए थे और दर्जन भर अन्य घायल हो गए थे।
खारकीव के एक अधिकारी ओलेग शिनेगुलॉब ने बताया कि रूसी सेना शहर को घेरे हुए है और लगातार बमबारी कर रही है। यूक्रेन ने अस्पताल और दिव्यांग केंद्र पर हमलों को युद्ध अपराध करार दिया है अधिकारी ने बताया कि इनमें से कई दिव्यांग व्हीलचेयर पर चलते हैं।
शहर के मयर इहोर तेरेखोव ने बताया कि रूसी अब तक 48 स्कूलों को मिसाइल हमलों से तबाह कर चुके हैं। यूक्रेन ने कहा, रूसी हमलों में अब तक सैनिकों से कई गुना ज्यादा नागरिक मारे जा चुके हैं। यूक्रेनी सेना के मुताबिक, वह हमलावरों को मुंहतोड़ जवाब दे रही है और अब तक रूसी सेना को भारी नुकसान पहुंचाया गया है।
डिनिप्रो पर हमला
यूक्रेन के मुताबिक, शुक्रवार को रूस ने पहली बार डिनिप्रो शहर को निशाना बनाते हुए तीन हवाई हमले किए। एक किंडरगार्टेन, एक अपार्टमेंट और एक जूता फैक्टरी पर मिसाइल हमले किए गए।
लुब्यंका के पास तोपें फायरिंग पोजीशन में
अमेरिका की निजी कंपनी मैक्सार टेक्नोलॉजी ने सैटेलाइट तस्वीरें जारी करते हुए कहा कि बख्तरबंद इकाइयां हवाईअड्डे के नजदीक आसपास के शहरों में घुसपैठ कर रही हैं। साथ ही काफिले के आगे उत्तर में लुब्यंका के पास तोपें फायरिंग पोजीशन में हैं।





