विश्व

कीव के उपनगर से रूसी सैनिकों को खदेड़ा, यूक्रेन ने किया दावा

Gulabi Jagat
22 March 2022 5:06 PM GMT
कीव के उपनगर से रूसी सैनिकों को खदेड़ा, यूक्रेन ने किया दावा
x
यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने मंगलवार भोर में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण कीव के एक उपनगर से रूसी सैनिकों को खदेड़ दिया
कीव, एपी। यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने मंगलवार भोर में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण कीव के एक उपनगर से रूसी सैनिकों को खदेड़ दिया। रूसी सैनिक राजधानी कीव के दूसरे हिस्सों पर कब्जे का प्रयास कर रहे हैं, जबकि मारीपोल पर बमबारी तेज हो गई है। कीव में 35 घंटे का कर्फ्यू लागू कर दिया गया है, जो बुधवार सुबह खत्म होगा। इससे घरों व तहखानों में रह रहे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
कुछ उपनगरीय क्षेत्रों में रूसी सैनिकों ने किया आंशिक कब्जा
यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि भीषण युद्ध के बाद कीव के उपनगर मारकीव से रूसी सेना को खदेड़ दिया गया। यूक्रेनी सेना ने मारकीव के हाईवे पर फिर से कब्जा हासिल कर लिया है। हालांकि, रूसी सेना उत्तर-पश्चिमी उपनगर बुचा, होस्तोमेल व इर्पिन पर आंशिक कब्जा करने में सफल रही है। इन शहरों पर हमले के पहले दिन से बमबारी जारी है।
चेर्नोबिल स्थित परमाणु केंद्र के पास आग लग गई है, लेकिन स्थिति खतरे से बाहर है। समर्पण प्रस्ताव को ठुकराए जाने के बाद रूस ने मारीपोल पर बमबारी तेज कर दी है। पलायन कर रहे लोग बताते हैं मारीपोल 99 प्रतिशत बर्बाद हो चुका है। सड़कों पर लाशें बिखरी पड़ी हैं। करीब 1,100 लोग झाडि़यों में छिपते हुए निकटवर्ती शहरों में पहुंचने में कामयाब रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय रेडक्रास समिति का कहना है कि मारीपोल में मानवीय मदद पहुंचाना अब भी मुमकिन नहीं हो पा रहा है। रेडक्रास ने मानवीय गलियारे के जरिये लोगों को निकाले की प्रक्रिया में मदद की इच्छा जताई है। अजोव सागर के किनारे स्थित मारीपोल रूस को क्रीमिया से जोड़ता है। रूसी सेना ने कब्जे के लिए मारीपोल को तीन हफ्ते से ज्यादा समय से घेरे रखा है।
रूस समर्थित अलगाववादियों ने डोनेस्क क्षेत्र में लगाए शरणार्थी शिविर
मारीपोल के पूर्व में स्थित बेजीमेन की सड़कों पर कारों की लंबी कतारें दिखाई देती हैं। यहां डोनेस्क क्षेत्र के रूस समर्थित अलगाववादियों ने शिविर लगा रखे हैं, जिनमें मारीपोल से पलायन करने वाले करीब पांच हजार लोग रह रहे हैं। उप प्रधानमंत्री इरिना वेरेसचुक ने बताया कि सोमवार को यूक्रेन से मानवीय गलियारों के जरिये आठ हजार लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें तीन हजार मारीपोल से थे।
मेलितोपोल से तीन इजरायली नागरिकों के अपहरण की सूचना
उन्होंने दावा किया कि रूसी सैनिकों ने मेलितोपोल शहर से तीन इजरायली नागरिकों को अगवा कर लिया है। इस बीच यूक्रेन समर्थक एक रूसी अखबार कोम्सोमोलस्काया प्रवदा ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से आनलाइन प्लेटफार्म पर खबर चलाई कि अबतक 10 हजार रूसी सैनिक मारे जा चुके हैं, लेकिन तुरंत ही उसने पोस्ट हटा ली और इसके लिए हैकरों को जिम्मेदार बताया।
यूक्रेन पर 24 घंटे में 300 से ज्यादा रूसी हवाई हमलों का दावा
एक अमेरिकी अधिकारी ने दावा किया कि रूस ने पिछले दो दिनों में यूक्रेन पर हवाई हमले तेज कर दिए हैं। उसने पिछले 24 घंटे में 300 से ज्यादा हवाई हमले किए हैं, जबकि युद्ध की शुरुआत से अबतक 1,000 से ज्यादा मिसाइलें दागी हैं। इसी हफ्ते यूरोप का दौरा करने जा रहे बाइडन ने सोमवार को कहा, 'सबसे खराब स्थिति तो अभी आने वाली है। पुतिन दीवार से टकरा रहे हैं। वह हमारी एकजुटता का अंदाजा नहीं लगा पा रहे हैं। जो युक्ति वे लगा रहे हैं, उसका नतीजा काफी गंभीर होगा।'
बाइडन ने कहा- दीवार से टकरा रहे पुतिन, हमारी एकजुटता का अंदाजा नहीं
बाइडन ने अपने आरोपों को दोहराया कि रूस रासायनिक अथवा जैविक हथियार के इस्तेमाल पर विचार कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी ने कहा कि 35.56 लाख लोग यूक्रेन से पलायन कर चुके हैं। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान भी यूरोप से इतने लोगों का पलायन नहीं हुआ था। 65 लाख नागरिक देश के भीतर ही निर्वासित हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा कि करीब पांच लाख यूक्रेनी मानसिक स्वास्थ्य की दिक्कतों का सामना कर रहे हैं, जिनमें से 30 हजार की परेशानी काफी गंभीर है।
सहायता प्रस्ताव में रूस के जिक्र को लेकर यूएन सदस्यों में मतभेद
फ्रांस व मेक्सिको संयुक्त राष्ट्र में यूक्रेन में बिगड़ते मानवीय हालात पर एक प्रस्ताव में रूसी हमले का जिक्र करने पर जोर दे रहे हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका इसके खिलाफ है। दक्षिण अफ्रीका ने कहा कि हो सकता है, राजनीतिक मुद्दों को शामिल करने से नागरिकों की मदद करने पर आम सहमति न बन पाए। फ्रांस-मेक्सिको के इस मसौदा प्रस्ताव पर 193 सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र महासभा इस हफ्ते विचार कर सकती है। प्रस्ताव में वैश्विक निकाय की दो मार्च की उस मांग को दोहराया गया है कि रूस, यूक्रेन में अपना सैन्य अभियान रोके और अपने सैनिकों को वापस बुलाए।
Next Story