विश्व

यूक्रेन जंग के बीच रूसी रेडियो स्टेशन हैक होने से मॉस्को में मचा हड़कंप, बंद कराया गया प्रसारण

Neha Dani
10 Jun 2022 5:39 AM GMT
यूक्रेन जंग के बीच रूसी रेडियो स्टेशन हैक होने से मॉस्को में मचा हड़कंप, बंद कराया गया प्रसारण
x
अलीशर उस्मानोव को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सबसे पसंदीदा बिजनेसमैन में से एक मानता है।

मॉस्को: यूक्रेन से युद्ध के बीच रूसी रेडियो स्टेशन के हैक होने से मॉस्को में हड़कंप मच गया। हैकर्स ने रेडियो स्टेशन के जरिए पूरे रूस में यूक्रेन के राष्ट्रगान का प्रसारण भी करवाया। इतना ही नहीं, उन्होंने युद्ध विरोधी गानें भी बजाए। जिसके बाद आनन-फानन में रेडियो स्टेशन की तकनीकी टीम ने पूरे प्रसारण को ही बंद करवा दिया। बाद में जब रेडियो स्टेशन फिर से रूसियों के कब्जे में आ गया, तब उसे शुरू किया गया। इस रेडियो स्टेशन का नाम कोमर्सेंट एफएम (Kommersant FM) बताया जा रहा है, जिसका स्वामित्व कोमर्सेंट समाचार पत्र के पास है।

हैकिंग का ऑडियो हुआ वायरल
कोमर्सेंट एफएम पर पर लंचटाइम न्यूज बुलेटिन के दौरान यूक्रेनी सैन्य गान ओह द रेड वाइबर्नम इन द मीडो बजने के मामले की जांच भी शुरू की जा चुकी है। कोमर्सेंट एफएम के प्रधान संपादक एलेक्सी वोरोब्योव ने पुष्टि करते हुए कहा कि उनके चैनल को कुछ शरारती हैकर्स ने हैक कर लिया था। उन्होंने बताया कि हमें वास्तव में हैक किया गया था। तकनीकी विशेषज्ञ अब इस हमले की उत्पत्ति का पता लगा रहे हैं, इंटरनेट स्ट्रीम के साथ कुछ करने की कोशिश कर रहे हैं।
रूस के पांचवे सबसे अमीर बिजनेसमैन का है चैनल
इस रूसी एफएम चैनल पर बजाए गए कुछ अन्य गीतों में रूसी रॉक बैंड नोगु स्वेलो के बनाए यूक्रेनी राष्ट्रगान और "आई डोंट नीड ए वॉर" भी शामिल हैं। इस घटना का एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कोमर्सेंट अखबार और एफएम का स्वामित्व रूसी कुलीन बिजनेसमैन अलीशर उस्मानोव के पास है। अलीशर उस्मानोव रूस के पांचवे सबसे अमीर शख्स हैं। यूरोपीय यूनियन अलीशर उस्मानोव को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सबसे पसंदीदा बिजनेसमैन में से एक मानता है।


Next Story