Russia Ukraine War : सैन्य अभियान समाप्त होने तक नहीं होगी कोई बातचीत

जंग के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा कि देश में रूस के सैन्य अभियान समाप्त होने तक प्रतिबंध हटाने पर वह किसी तरह की बातचीत नहीं करेंगे. वही यूएनएससी की बैठक में यूक्रेन ने एक बार फिर युद्ध पर विराम लगाने की मांग की. यूक्रेन के प्रतिनिधि ने कहा, हम मांग करते हैं कि रूस संयुक्त राष्ट्र महासभा के प्रस्ताव ES-11/2 यूक्रेन के खिलाफ आक्रामकता के मानवीय परिणाम के सभी प्रावधानों को तुरंत और बिना शर्त लागू करे ताकि जमीन पर मानवीय पीड़ा को कम किया जा सके.
UNSC की बैठक में भारत ने कहा कि वह पहले ही यूक्रेन और उसके पड़ोसियों को शरणार्थियों के लिए दवाओं और अन्य आवश्यक राहत सामग्री सहित 90 टन से अधिक मानवीय आपूर्ति भेज चुका है. यूएनएससी की बैठक में भारत के प्रतिनिधि ने कहा, हम आने वाले दिनों में और अधिक मानवीय सहायता प्रदान कर रहे हैं, विशेष रूप से आवश्यक दवाओं की आपूर्ति करेगा.
बता दें कि रूस यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध का आज 35वां दिन है. एक महीने से ज्यादा चल रहे इस युद्ध में रूसी सेना ने लगातार यूक्रेन के कई बड़े शहरों पर मिसाइलें दाग उसे बर्बाद कर दिया है. मारियुपोल, कीव समेत कई रिहाइशी इलाके तबाह कर दी गई है. दोनों देशों के बीच चल रहे इस युद्ध अब तक हजारों लोगों की जान जा चुकी है. इसी बीच दोनों देशों ने तुर्की में शांति वार्ता की. इस बैठक में रूस ने कीव और उत्तरी यूक्रेनी शहर चेर्निहाइव के आसपास अपने सैन्य अभियानों को काफी कम करने का वादा किया है.





