विश्व

रूस-यूक्रेन में जारी युद्ध और वैगनर की बगावत

Sonam
1 July 2023 3:02 AM GMT
रूस-यूक्रेन में जारी युद्ध और वैगनर की बगावत
x

रूस-यूक्रेन में जारी युद्ध और वैगनर की बगावत के बाद रूस के हालात बिगड़ते जा रहे हैं। हालांकि, रूस की सरकार का कहना है कि अब वैगनर ग्रुप को शांत करा लिया गया है। ऐसे समय में जब रूस के भीतर उथल पुथल मची है, वहां के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को याद करना भारत की महत्ता को दर्शाता है। क्रेमलिन ने कहा कि शुक्रवार को पुतिन ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ टेलीफोन कॉल पर बात की।

महत्वपूर्ण है कि पुतिन का प्रधानमंत्री मोदी को फोन ऐसे वक्त पर आया है, जब हाल ही में पीएम मोदी अमेरिका का ऐतिहासिक दौरा कर के वापस लौटे हैं। पीएम मोदी और पुतिन की इस बातचीत पर क्रेमलिन का बयान भी आया है। क्रेमलिन ने कहा कि पीएम मोदी ने पुतिन को अपने अमेरिकी दौरे के बारे में भी बताया। इस दौरान पीएम मोदी ने यूक्रेन से चल रहे युद्ध को लेकर पुतिन से पूछा कि देश में शांति है। इस पर पुतिन ने कहा कि यूक्रेन राजनीतिक, कूटनीतिक हल को तैयार नहीं है। सितंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समरकंद में एससीओ समिट के दौरान रूस के राष्ट्रपति पुतिन को सलाह देते हुए कहा था कि यह युग युद्ध का नहीं है। पुतिन ने इस बात को मानते हुए कहा था कि हम भारत की स्थिति से अवगत हैं और उसकी चिंता को समझते हैं।

गौरतलब है कि पिछले शनिवार को रूस में वैगनर ग्रुप की बगावत के बाद पीएम मोदी ने वैगनर के खिलाफ रूसी नेतृत्व की निर्णायक कार्रवाई के लिए पुतिन का समर्थन किया था। इससे पहले रूस के राष्ट्रपति ने गुरुवार को एक कार्यक्रम में भारत-रूस के रिश्तों पर खुलकर बात की थी। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ भी की थी। पुतिन ने पीएम मोदी को महान दोस्त बताया।

पुतिन ने मेक इन इंडिया की तारीफ करते हुए कहा कि मेक इन इंडिया अभियान का देश की अर्थव्यवस्था पर बहुत गहरा असर हुआ है। बड़ी बात यह है कि बातचीत सारगर्भित और रचनात्मक रही। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के अपने पारस्परिक इरादे की पुष्टि की और संपर्क बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की। पीएम मोदी ने अपने अंतर्राष्ट्रीय संपर्कों के बारे में भी जानकारी दी। समझा जा रहा है कि बातचीत का असर शंघाई सहयोग संगठन और जी-20 में दोनो देशों के बीच घनिष्ठ समन्वय के रुप में नजर आएगा।

Next Story