विश्व

रूस ने फिर किया बड़ा मिसाइल हमला, सहयोगियों से समय पर नहीं म‍िली हमले की चेतावनी: जेलेंस्की

jantaserishta.com
19 Oct 2026 3:18 PM IST
रूस ने फिर किया बड़ा मिसाइल हमला, सहयोगियों से समय पर नहीं म‍िली हमले की चेतावनी: जेलेंस्की
x
कीव: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा क‍ि अब हमें अपने बचाव के ल‍िए सहयोग‍ियों से मदद भी नहीं म‍िल रही है। हमले की चेतावनी पहले से नहीं म‍िलने के कारण यूक्रेन को एक बार फ‍िर भारी तबाही का सामना करना पड़ा। रविवार रात रूस ने कीव को न‍िशाना बनाते हुए 16 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। हमले में हमारे कई लोगों की जान चली गई।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''रूस ने रातभर कई चरणों में बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया, लेकिन एक बार फिर यूक्रेन को उसके सहयोगी देशों से पहले से कोई चेतावनी नहीं मिली। रूस ने कुल 16 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं और यह हमला विशेष रूप से कीव और कीव क्षेत्र को निशाना बनाकर किया गया था।''
जेलेंस्की के अनुसार, हमलों का मुख्य निशाना ऊर्जा सुविधाएं और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा था। हालांकि, एक मेडिकल क्लिनिक, एक स्कूल, एक मेट्रो स्टेशन और कई रिहायशी इमारतें भी हमले में क्षतिग्रस्त हुईं। उन्होंने कहा कि रूस ने 200 से अधिक ड्रोन भी इस्तेमाल किए, जिनमें जेट इंजन वाले 'शाहेद' ड्रोन भी शामिल थे। ये हमले खार्कीव और निप्रॉपेट्रोव्स्क क्षेत्रों से लेकर वोलिन, रिव्ने और ओडेसा क्षेत्रों तक किए गए। जेलेंस्की ने बताया कि हमलों में लोगों की जान भी गई है।
उन्होंने कहा, "मैं पीड़ितों के परिवारों और उनके प्रियजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायल लोगों को सहायता दी जा रही है।" राष्ट्रपति के मुताबिक, रात और सुबह के दौरान रूस ने विनित्सिया, वोलिन, किरोवोहराद, कीव, मिकोलेइव, झिटोमिर, खमेल्नित्सकी, खार्कीव, टरनोपिल, ओडेसा और रिव्ने क्षेत्रों की ऊर्जा सुविधाओं पर हमले किए।
उन्होंने बताया कि सिर्फ एक रात में 10 से ज्यादा ऊर्जा ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए और कम से कम 5.5 लाख परिवारों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। मरम्मत दल मौके पर काम कर रहे हैं। यूक्रेन ने कभी यह युद्ध नहीं चाहा था और युद्ध समाप्त करने के लिए उसके साझेदारों द्वारा किए गए हर प्रयास का समर्थन किया है।
उन्होंने कहा क‍ि हमारे साझेदारों ने युद्ध खत्म करने के लिए जो भी सम्मानजनक कोशिश की, हमने हर प्रस्ताव का सकारात्मक जवाब दिया। हर युद्धविराम प्रस्ताव पर हमारी प्रतिक्रिया सकारात्मक रही। लेकिन रूस की ओर से जवाब हमेशा मिसाइल हमलों, ड्रोन हमलों और हत्याओं के रूप में आया है।
जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन न केवल युद्ध खत्म नहीं करना चाहते, बल्कि तनाव कम करने की दिशा में भी कोई कदम नहीं उठाना चाहते। दुनिया के सभी साझेदार देशों ने खुद रूस की ओर से ऐसे प्रस्तावों को ठुकराते हुए देखा है। चीजों को उनके सही नाम से पुकारना जरूरी है, यानी आक्रमण करने वाले को आक्रमणकारी कहना और यूक्रेन को अपने लोगों की रक्षा करने में मदद करने वाला कहना।
उन्होंने कहा, ''जब यूक्रेन की हवाई सुरक्षा के लिए जरूरी मिसाइलों की आपूर्ति रोक दी जाती है, जबकि दूसरी तरफ रूस को प्रतिबंधों में राहत या देरी मिलती है, तो यह वास्तविकता को नजरअंदाज करने जैसा है।''
उन्होंने कहा क‍ि हकीकत यह है कि युद्ध अभी भी जारी है और यह सिर्फ रूस के हमलों और इस युद्ध को लंबा खींचने की उसकी इच्छा की वजह से जारी है। जेलेंस्की ने उन सभी देशों और लोगों का धन्यवाद किया जो यूक्रेन की स्थिति को समझते हैं और उसकी मदद कर रहे हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story