Russia ने कीव सहित यूक्रेन के कई क्षेत्रों पर दागे मिसाइल

Kyiv कीव: रूस ने रविवार को यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई क्षेत्रों को निशाना बनाकर बैलिस्टिक और क्रूज़ मिसाइलों से हमला किया। Kyiv Independent के अनुसार, कीव के मेयर विटाली क्लिट्सको ने हमलों की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्फोटों में तीन लोग घायल हुए हैं, एक कार्यालय आंशिक रूप से नष्ट हुआ है, और मलबा गिरने से कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। राजधानी के कई इलाकों में आगजनी की भी सूचना है।
बाद में क्लिट्सको ने जानकारी दी कि हमले की चपेट में आकर एक व्यक्ति की सड़क पर मौत हो गई। यूक्रेनी वायुसेना ने बताया कि रातभर हुए इस संयुक्त हमले में 23 मिसाइलें, क्रूज़ मिसाइलें और 109 ड्रोन शामिल थे। इनमें से 13 मिसाइलों को मार गिराया गया, हालांकि Iskander जैसी शॉर्ट-रेंज बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने में वायु सुरक्षा लगभग निष्क्रिय साबित हुई।
हमले से कीव, खारकीव, खमेलनित्सकी, चेरकासी और माइकोलाइव क्षेत्रों में गंभीर क्षति हुई है। माइकोलाइव की क्षेत्रीय प्रशासन ने बताया कि वहां कम से कम दो रिहायशी इमारतों में ड्रोन हमले के बाद आग लग गई।





