विश्व

पोलैंड सीमा के निकट रूस ने दागीं 30 मिसाइलें, नाटो ने दी यह चेतावनी

Gulabi
13 March 2022 5:20 PM GMT
पोलैंड सीमा के निकट रूस ने दागीं 30 मिसाइलें, नाटो ने दी यह चेतावनी
x
पोलैंड सीमा के निकट रूस ने दागीं 30 मिसाइलें
लवीव, रायटर। रूसी सेना ने रविवार को पोलैंड सीमा के नजदीक पश्चिमी यूक्रेन में बड़ा हवाई हमला करते हुए 35 सैन्यकर्मियों को मार डाला है। यह हमला यूक्रेनी सेना के प्रशिक्षण केंद्र पर हुआ जिसमें 134 लोग घायल भी हुए हैं जिनमें कई की हालत गंभीर है। जिस स्थान पर हमला हुआ वह पोलैंड की सीमा से 25 किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित है। पोलैंड नाटो का सदस्य देश हैं और वहां पर अमेरिका समेत कई देशों के सैनिक भी तैनात हैं।
नाटो ने रूस को चेतावनी दी
नाटो के महासचिव जेंस स्टोल्टेनबर्ग ने कहा है कि नाटो का कोई सदस्य देश रूसी हमले की चपेट में आया तो सैन्य गठबंधन कार्रवाई करेगा। इस बीच राजधानी कीव को घेरे रूसी सेना आगे बढ़ते हुए उसके और करीब पहुंच गई है। दोनों पक्षों में भीषण लड़ाई जारी है। कीव को बचाने और कब्जे के लिए जिस तरह की लड़ाई छिड़ी हुई है उससे आने वाले दिनों में भारी खूनखराबे की आशंका है।
पश्चिमी इलाके में बड़ा हमला
यूक्रेन के पश्चिमी इलाके में अपेक्षाकृत कम हमले करने वाली रूसी सेना ने रविवार को वहां बड़ा हमला किया। यूक्रेन सरकार के अनुसार हमले के शिकार हुए यावोरिव इंटरनेशनल सेंटर फार पीसकीपिंग एंड सिक्युरिटी में अभी कोई विदेशी प्रशिक्षक मौजूद नहीं था। लेकिन पूर्व में यहां पर कई विदेशी प्रशिक्षक रहे हैं और वे यूक्रेन के सैनिकों और युवाओं को हथियार चलाने का प्रशिक्षण देते रहे हैं।
दागी 30 मिसाइलें
रीजनल गवर्नर मैक्सिम कोजित्सकी के अनुसार रूसी सेना ने प्रशिक्षण केंद्र पर 30 मिसाइलें छोड़कर उसे बुरी तरह से तबाह कर दिया है। करीब 360 वर्ग किलोमीटर इलाके में फैला यह केंद्र यूक्रेन के सबसे बड़े सैन्य प्रशिक्षण केंद्रों में से एक है। रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय ने इस हमले पर कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है। पश्चिमी यूक्रेन में एक हवाई अड्डे को भी निशाना बनाए जाने की सूचना है।
अब निप्रोरूडेन के मेयर का अपहरण
रूसी सैनिकों ने रविवार को वासीलिव्का जिले के निप्रोरूडेन इलाके के मेयर का अपहरण कर लिया। यह जानकारी यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने दी है। उन्होंने कहा, रूसी सेना यूक्रेन में अब आतंकियों जैसा व्यवहार कर रही है। अंतरराष्ट्रीय बिरादरी रूस को ऐसा करने से रोके। इससे पहले रूसी सैनिक मेलिटोपोल के मेयर का अपहरण कर उनके स्थान पर कार्यकारी मेयर की नियुक्ति कर चुके हैं।
दो रूसी हेलीकाप्टर मार गिराए
यूक्रेनी सुरक्षा बलों ने दावा किया है कि खेरसोन इलाके में उन्होंने रूसी सेना के दो हेलीकाप्टर मार गिराए हैं। इनमें से एक का पायलट घायल अवस्था में पकड़ लिया गया है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यूक्रेन की उप प्रधानमंत्री इरयाना वेरेशचुक ने बताया है कि पिछले 24 घंटों में सुरक्षित गलियारे के जरिये 13 हजार नागरिक निकलकर सुरक्षित स्थानों पर गए हैं। ये सभी नागरिक युद्ध क्षेत्र से पड़ोसी देशों में गए हैं। इन्हें मिलाकर रूसी हमले के बाद से यूक्रेन से पलायन करने वालों की संख्या बढ़कर करीब 26 लाख हो गई है।
आज हो सकती है चौथे दौर की वार्ता
रूस और यूक्रेन के बीच चौथे दौर की वार्ता 14 या 15 मार्च को बेलारूस में हो सकती है। यह जानकारी यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के सलाहकार ने दी है। रूस ने भी वार्ता की संभावना की पुष्टि की है। यूक्रेन सरकार ने स्पष्ट किया है कि शनिवार को कीव के नजदीक पेरेमोहा गांव में रूसी सैनिकों की फायरिंग में जो सात महिलाएं और बच्चे मारे गए, वे दोनों सेनाओं की ओर से निर्धारित सुरक्षित गलियारे में नहीं चल रहे थे। इसके चलते वे फायरिंग के शिकार हुए।
फास्फोरस बम चला रहा रूस
यूक्रेन की मानवाधिकार मामलों की लोकपाल ल्यूडमिला डेनीसोवा ने आरोप लगाया है कि रूस यूक्रेनी शहरों पर हमले में फास्फोरस बम का इस्तेमाल कर रहा है। आरोप है कि शनिवार-रविवार की रात पोपास्ना शहर पर हमले में इन बमों का इस्तेमाल किया गया। फास्फोरस बम से काफी बड़ी जगह में आग लग जाती है और उससे जान-माल का भारी नुकसान होता है।
Next Story