विश्व

कीव के और करीब रूस, आगाह किया- अंतरिक्ष स्टेशन गिर जाएगा

Subhi
13 March 2022 1:10 AM GMT
कीव के और करीब रूस, आगाह किया- अंतरिक्ष स्टेशन गिर जाएगा
x
यूक्रेन युद्ध के 17वें दिन शनिवार को रूसी सैनिक राजधानी कीव के और करीब पहुंच गए। उत्तर-पूर्व दिशा से राजधानी की ओर तीन तरफ से तेजी से बढ़ रही रूसी सेना के काफिलों ने शहर पर कब्जे के लिए पूरा जोर लगा रखा है।

यूक्रेन युद्ध के 17वें दिन शनिवार को रूसी सैनिक राजधानी कीव के और करीब पहुंच गए। उत्तर-पूर्व दिशा से राजधानी की ओर तीन तरफ से तेजी से बढ़ रही रूसी सेना के काफिलों ने शहर पर कब्जे के लिए पूरा जोर लगा रखा है। वहीं, पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों से नाराज रूस ने इसके कारण अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के गिरने और इससे दुनिया को होने वाले नुकसान को लेकर आगाह किया है।

रूसी सेना ने मैरियूपोल, चेर्निहीव जैसे बड़े शहरों को जोड़ने वाली सड़कों व पुलों को ध्वस्त कर दिया है। रूस की रणनीति ताबड़तोड़ हमले कर कीव को बाकी यूक्रेन से अलग करने की है। एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि रूसी सेना कीव से अब भी 20 मील की दूरी पर है। वहीं, मैरियूपोल में अब तक गोलाबारी के कारण 1,582 लोगों की मौत हो चुकी है।

मस्जिद पर बम, 86 नागरिक थे मौजूद

यूक्रेन सरकार ने आरोप लगाया कि रूस ने मैरियूपोल में एक मस्जिद पर बम बरसाए गए। ऑटोमन साम्राज्य के सुल्तान सुलेमान की बनवाई हुई इस ऐतिहासिक मस्जिद में तुर्की के 86 नागरिकों ने शरण ले रखी थी। इनमें 34 बच्चे थे। हालांकि, हमले में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं दी गई है।

मेलिटोपोल के मेयर अपहृत, रूस के कब्जे में शहर

यूक्रेन ने आरोप लगाया कि रूसी सैनिकों ने मेलिटोपोल के मेयर इवान फेडोरोव का शुक्रवार को अपहरण कर लिया है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इसे आतंकवाद का नया चेहरा बताया। जेलेंस्की ने बताया, अब तक 1300 यूक्रेनी सैनिक युद्ध में मारे जा चुके हैं। यदि रूस सीजफायर की घोषणा करता है तो वह राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से इस्राइल में वार्ता कर सकते हैं।

यूक्रेन युद्ध में कूदकर शुरू नहीं करना चाहते तीसरा विश्वयुद्ध : बाइडन

राष्ट्रपति जो बाइडन ने लातविया, एस्टोनिया, लिथुआनिया और रोमानिया जैसे देशों में रूस से सटी सीमा पर अपने 12,000 सैनिक तैनात किए हैं। हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि वे लड़ाई में कूदकर तीसरे विश्वयुद्ध की शुरुआत नहीं करने जा रहे। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी यूक्रेन के खिलाफ छेड़े गए युद्ध में कभी विजयी नहीं होंगे।

बाइडन ने हाउस डेमोक्रेटिक कॉकस के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिका भले ही यूक्रेन में तीसरा विश्वयुद्ध नहीं लड़ने जा रहा, लेकिन वह नाटो के दायरे में आने वाली हर इंच जमीन की रक्षा करेगा। उत्तर एटलांटिक संधि क्षेत्र (नाटो) 30 उत्तर अमेरिकी और यूरोपीय देशों का एक सैन्य समूह है।

बाइडन ने कहा कि रूसी आक्रमण से निपटने में यूक्रेनी लोगों ने जबरदस्त बहादुरी व साहस दिखाया है, लेकिन अमेरिका द्वारा प्रदान की जाने वाली सुरक्षा सहायता उनके बचाव में अहम रही है। राष्ट्रपति बाइडन बोले- यदि हमने यूक्रेन पर जवाबी कार्रवाई की तो तीसरा विश्वयुद्ध निश्चित है।

चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र में मरम्मत शुरू, बहाल होगी बिजली आपूर्ति

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक राफेल मारियानो ग्रासी ने जानकारी दी कि चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र में बिजली की आपूर्ति फिर से शुरू करने के लिए क्षतिग्रस्त बिजलीलाइनों की मरम्मत तकनीशियनों ने शुरू कर दी है। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, एक तरफ की बिजलीलाइन की मरम्मत कर दी गई, लेकिन दूसरी तरफ की विद्युत आपूर्ति फिर भी ठप है।

परमाणु संयंत्र की विद्युत आपूर्ति हमले में पूरी तरह से ठप हो गई थी। डीजल जनरेटर से 9 मार्च से संयंत्र में बिजली सप्लाई दी जा रही थी। यूक्रेन ने कहा हमले के बाद बाहरी विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से ठप होने के एक दिन बाद से रेग्युलेटर का परमाणु संयत्र से कम्युनिकेशन खत्म हो गया। चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र में खतरा बरकरार है। वहीं, रूस ने संभावित खतरे के दावे से इनकार किया है।

जैविक हथियारों के रूसी दावे पर अमेरिकन दक्षिणपंथियों को यकीन

यूक्रेन में जैविक हथियार बनाने को लेकर अमेरिका पर रूस द्वारा लगाए गए आरोपों को कई अमेरिकियों का ही समर्थन मिलने लगा है। दक्षिणपंथी धड़ों और क्यूएनॉन अनुयायियों ने बाइडन प्रशासन सरकार और मीडिया के खंडनों से ज्यादा क्रेमलिन के आरोपों पर भरोसा जताया है। दूसरी तरफ विशेषज्ञ और जानकार रूसी दावों को निराधार बता रहे हैं।

Next Story