विश्व
पाकिस्तान में पेट्रोल 1000 रुपए तक पहुंचने का खतरा, मंत्री बोले- कमी हुई तो और बढ़ेंगे दाम
jantaserishta.com
21 Sept 2026 5:42 PM IST

x
नई दिल्ली: पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 1000 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने कहा कि अगर देश में पेट्रोल की कमी होती है तो कीमत और बढ़ सकती है। फिलहाल पाकिस्तान में पेट्रोल 389 रुपए और डीजल 424 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। मिडिल ईस्ट में जारी लड़ाई के बीच कच्चे तेल की कीमत बढ़ने से पाकिस्तान में ईंधन के दाम पर दबाव बढ़ गया है।
50 फीसदी तक महंगा हुआ पेट्रोल
पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक के मुताबिक, देश में पेट्रोल की कीमत अब तक करीब 50 फीसदी बढ़ चुकी है। मौजूदा समय में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 389 पाकिस्तानी रुपए है, जबकि डीजल 424 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
मिडिल ईस्ट में चल रही लड़ाई का असर कच्चे तेल की कीमतों पर भी पड़ा है। यह जंग 28 फरवरी को शुरू हुई थी। उस समय पाकिस्तान में पेट्रोल 258.17 रुपए प्रति लीटर था। इसके बाद पेट्रोल की कीमत में 131 रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी है। यानी 28 फरवरी की कीमत के मुकाबले पेट्रोल करीब 51 फीसदी महंगा हो चुका है।
पेट्रोल की कमी हुई तो बढ़ सकती है कीमत
पेट्रोलियम मंत्री ने कहा है कि अगर पाकिस्तान में ईंधन की कमी होती है तो पेट्रोल के दाम और ऊपर जा सकते हैं। ऐसी स्थिति में कीमत 1000 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर तक पहुंचने की आशंका बताई गई है। बढ़ती कीमतों का असर आम लोगों पर पड़ रहा है। इसे देखते हुए सरकार ने कुछ छोटे वाहनों के लिए पेट्रोल पर सब्सिडी देने की योजना शुरू की है।
बाइक और छोटे वाहनों को 100 रुपए तक की सब्सिडी
पाकिस्तान सरकार ने मोटरसाइकिल, रिक्शा और 800 सीसी तक की कारों के लिए पेट्रोल सब्सिडी योजना शुरू की है। इसके तहत पेट्रोल पर अधिकतम 100 रुपए प्रति लीटर तक की सहायता दी जा रही है।
इस योजना में पात्र व्यक्ति को हर महीने चार टोकन दिए जाएंगे। प्रत्येक टोकन पर 500 रुपए की सब्सिडी मिलेगी। इसमें 1 जनवरी 2006 से रजिस्टर्ड मोटरसाइकिलों को भी शामिल किया गया है। सरकार के मुताबिक, योजना के लिए 17.5 लाख से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से करीब 15 लाख टोकन जारी किए जा चुके हैं, जबकि 6.80 लाख से ज्यादा टोकन का इस्तेमाल हो चुका है।
अक्टूबर तक घरेलू तेल मिलने की उम्मीद
ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच पाकिस्तान सरकार देश के भीतर तेल उत्पादन बढ़ाने की कोशिश कर रही है। सरकार नए तेल भंडार खोजने पर काम कर रही है। पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने बताया कि तेल के कुओं पर काम शुरू हो चुका है और अक्टूबर तक कच्चा तेल मिलने की उम्मीद है। सरकार ने तेल और गैस की खोज के लिए कंपनियों को नए ब्लॉक भी दिए हैं। इसका उद्देश्य घरेलू उत्पादन बढ़ाना और विदेशों से तेल खरीदने पर होने वाला खर्च कम करना है।
अगर नए कुओं से व्यावसायिक स्तर पर तेल का उत्पादन शुरू होता है तो पाकिस्तान अपनी जरूरत का कुछ हिस्सा देश के भीतर से पूरा कर सकेगा। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़ने पर देश पर पड़ने वाला दबाव कम हो सकता है।
बांग्लादेश में भी ईंधन के दाम बढ़े
ईंधन की बढ़ती कीमतों का असर बांग्लादेश में भी देखने को मिला है। वहां सरकार ने पेट्रोल-डीजल समेत ईंधन की कीमतों में 17.4 फीसदी तक की बढ़ोतरी की है। नए दाम 21 सितंबर से लागू हुए हैं।
सरकार के नए रेट के अनुसार, डीजल 115 टका से बढ़कर 135 टका प्रति लीटर हो गया है। पेट्रोल की कीमत 140 से बढ़कर 160 टका और ऑक्टेन 145 से बढ़कर 165 टका प्रति लीटर हो गया है। वहीं केरोसिन 135 से बढ़कर 155 टका प्रति लीटर हो गया है।
बांग्लादेश के ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, मार्च 2026 से अंतरराष्ट्रीय ईंधन की कीमतें दोगुने से ज्यादा बढ़ चुकी हैं। सरकार का कहना है कि बढ़ी हुई लागत का असर सरकारी तेल कंपनी बांग्लादेश पेट्रोलियम कॉरपोरेशन यानी BPC पर भी पड़ा है। ईंधन महंगा होने से बांग्लादेश में ट्रांसपोर्ट और सामान के उत्पादन की लागत बढ़ सकती है। इसका असर महंगाई और बिजली-गैस की कमी से जूझ रहे लोगों और कारोबार पर पड़ने की आशंका जताई गई है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





