विश्व

अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव 2024 के लिए रिपब्लिकन बहस शुरू

Nilmani Pal
26 Aug 2023 12:53 AM GMT
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव 2024 के लिए रिपब्लिकन बहस शुरू
x

अमेरिका। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव 2024 के लिए रिपब्लिकन बहस शुरू हो गई है। पहले दौर में आठ उम्मीदवार सुर्खियों में आए। इनमें दो भारतीय-अमेरिकी भी शामिल थे। वैसे इन चुनावों में कुल तीन भारतीय-अमेरिकी ऐसे हैं जो प्रमुख उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। इनके नाम हैं- विवेक रामास्वामी निक्की हेली और हर्ष वर्धन सिंह। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव 5 नवंबर, 2024 को होने वाले हैं। उससे पहले रिपब्लिकन पार्टी का राष्ट्रपति पद का प्राथमिक चुनाव अगले साल जनवरी में शुरू होगा। डोनाल्ड ट्रंप के अग्रणी उम्मीदवार होने के बावजूद, उन्हें व्हाइट हाउस की दौड़ में कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है।

अमेरिकी मीडिया के अनुसार, पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 2024 के राष्ट्रपति चुनाव की पहली प्राइमरी बहस में शामिल नहीं हुए हैं और उनके आठ प्रतिद्वंद्वी आपस में टकरा रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के प्राइमरी चरण के इतिहास में पहली बार एक ही प्राइमरी की बहस के मंच पर दो भारतीय-अमेरिकी एक साथ खड़े थे। अमेरिका में राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल भारतीय अमेरिकी दावेदार निक्की हेली और विवेक रामास्वामी के बीच रिपब्लिकन पार्टी की पहली प्राइमरी में विदेश नीति के मुद्दे पर बहस हुई। साउथ कैरोलिना की पूर्व गवर्नर हेली ने अपने प्रतिद्वंद्वी और उद्यमी रामास्वामी पर विदेश नीति का कम अनुभव होने और रूस का समर्थन करने का आरोप लगाया। हेली (51) और रामास्वामी (38) पिछले कुछ दिन से सोशल मीडिया पर भी विदेश नीति के मुद्दों पर भिड़े हुए हैं।

विभिन्न सर्वेक्षण रैंकिंग के अनुसार, विवेक रामास्वामी डोनाल्ड ट्रंप से पीछे हैं। पहली बहस में, साथी उम्मीदवारों द्वारा करारी टक्कर दिए जाने के बावजूद, रामास्वामी की लोकप्रियता बढ़ गई है। उन्हें पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप का समर्थन भी मिला है। हालांकि निक्की हेली अन्य रिपब्लिकन उम्मीदवारों की तुलना में रैंकिंग में नीचे हैं, लेकिन फिर भी उन्हें नए लोगों के मुकाबले एक अनुभवी राजनीतिज्ञ होने का मजबूत समर्थन प्राप्त है। दूसरी ओर, हर्ष वर्धन सिंह अभी तक जीओपी बहस का हिस्सा नहीं बने हैं, लेकिन लगातार ट्रंप के लिए और रामास्वामी के खिलाफ अपने अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।

Next Story