विश्व

रिपोर्ट: पांच हथियारबंद लोग एक गर्भवती महिला के घर में घुसे, किया सामूहिक दुष्कर्म, पति को रस्सी से बांधा

Neha Dani
6 Jun 2022 4:54 AM GMT
रिपोर्ट: पांच हथियारबंद लोग एक गर्भवती महिला के घर में घुसे, किया सामूहिक दुष्कर्म, पति को रस्सी से बांधा
x
22 हजार मामलों में केवल 77 आरोपियों को दोषी पाया गया। सजा की दर लगभग 0.3 प्रतिशत है।

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक गर्भवती महिला के साथ पांच पुरुषों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। डेली पाकिस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, झेलम शहर में पांच हथियारबंद लोग एक गर्भवती महिला के घर में घुस गए। उन्होंने पहले मारपीट की और फिर पीड़िता के पति को रस्सी से बांध दिया. बहरहाल, घटना के बाद पंजाब पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

फोरेंसिक जांच के लिए लाहौर रक्त भेजे गए नमूने
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गर्भवती महिला का मेडिकल परीक्षण पूरा हो गया है। पीड़िता के रक्त के नमूने को भी फोरेंसिक जांच के लिए लाहौर भेज दिया गया है। यह अपराध पिछले महीने कराची की एक महिला के साथ चलती ट्रेन में सामूहिक दुष्कर्म के कुछ दिनों बाद हुआ है। चलती ट्रेन में 25 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने महिलाओं के अधिकारों के साथ पाकिस्तान के खराब रिकार्ड को सुर्खियों में ला दिया।
टिकट चेकर सहित तीन लोगों पर लगा आरोप

एक टिकट चेकर सहित तीन लोगों पर महिला से दुष्कर्म करने का आरोप है। महिला कथित तौर पर दो बच्चों की मां थी। सीएनएन ने पाकिस्तान के रेल मंत्रालय के हवाले से बताया कि वह पिछले हफ्ते पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के कराची से मुल्तान जा रही थी। यह घटना तब हुई जब पुरुषों ने उसे एयर कंडीशनिंग वाली गाड़ी में ले जाने के लिए कहा। पुलिस रिपोर्ट का हवाला देते हुए सीएनएन ने बताया कि तीन लोगों को दुष्कर्म के संदेह में गिरफ्तार किया गया है।
छह महीनों में 2439 महिलाओं के साथ दुष्कर्म

पंजाब सूचना आयोग द्वारा फरवरी में उपलब्ध कराए गए आंकड़ों से पता चलता है कि प्रांत में पिछले छह महीनों के दौरान कुल 2,439 महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया गया और 'पारिवारिक सम्मान' के नाम पर 90 लोगों की हत्या की गई। पिछले साल की 'ग्लोबल जेंडर गैप रिपोर्ट 2021' के मुताबिक, पाकिस्तान लिंग समानता सूचकांक में 156 देशों में 153वें स्थान पर है।

22 हजार मामलों में केवल 77 आरोपियों को पाया गया दोषी

पाकिस्तान के मानवाधिकार आयोग (HRCP) की हालिया रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान में, पिछले छह वर्षों (2015-21) में पुलिस को 22,000 से अधिक ऐसी घटनाओं के साथ प्रतिदिन कम से कम 11 दुष्कर्म के मामले दर्ज करना पड़ा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि समाज पीड़ितों को दोष देकर अपराधियों को अनुचित लाभ देता है। मामलों की संख्या में गिरावट के बजाय, कुल मिलाकर 1 प्रतिशत से कम दोषसिद्धि दर के साथ तेज से इजाफा हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 22 हजार मामलों में केवल 77 आरोपियों को दोषी पाया गया। सजा की दर लगभग 0.3 प्रतिशत है।

Next Story