विश्व

रेलवे स्टेशन पर हमला, 15 लोगों की मौत

Nilmani Pal
25 Aug 2022 12:46 AM GMT
रेलवे स्टेशन पर हमला, 15 लोगों की मौत
x

यूक्रेन। रूसी हमले के बुधवार को छह महीने पूरे हो गए। 24 अगस्त को ही यूक्रेन स्वतंत्रता दिवस मनाता है लेकिन रूसी सेना के बड़े हमले की आशंका से सरकार के प्रतिबंध के चलते कोई बड़ा आयोजन नहीं हुआ। लेकिन शाम को सरकार की आशंका सही साबित हो गई। पूर्वी यूक्रेन के एक रेलवे स्टेशन पर हुए रूसी सेना के राकेट हमले में 15 लोग मारे गए।

कीव के मध्य एक स्मारक के समक्ष खड़े होकर राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि 31 वर्ष पहले यूक्रेन का पुनर्जन्म हुआ था। उस दिन वह मास्को के नियंत्रण से बाहर आया था और स्वतंत्र यूक्रेन बना था। यूक्रेन की इस स्वतंत्रता को हर कीमत पर बरकरार रखा जाएगा।

पूर्वी यूक्रेन के डोनेस्क प्रांत में चैपलिन कस्बे के रेलवे स्टेशन पर बुधवार को रूसी राकेट हमले में 15 लोग मारे गए और 50 घायल हुए। यह जानकारी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में वीडियो लिंक के जरिये अपने संबोधन में दी। क‌र्फ्यू के बीच खार्कीव और डोनेस्क प्रांत के युद्धग्रस्त इलाकों में बुधवार को भी गोलाबारी जारी रही। यूक्रेन के दक्षिण में कई शहरों में लड़ाई जारी है।

इस बीच यूक्रेन के जपोरीजिया इलाके के रूस के नियंत्रण वाले मिखाइलिव्का कस्बे के प्रमुख की कार बम धमाके में मौत हो गई है। मारे गए अधिकारी रूस सरकार द्वारा नियुक्त किए गए थे। एक अन्य घटनाक्रम में जपोरीजिया परमाणु संयंत्र में कार्यरत दो यूक्रेनी कर्मचारियों को रूसी सैनिकों ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों कर्मचारियों पर संयंत्र से संबंधित सूचनाएं यूक्रेन सरकार को देने का आरोप है।

Next Story