
x
अमेरिका में भारतीयों पर नस्लीय हमले रूकने का नाम नहीं ले रहे हैं। अमेरिका में भारतीयों पर हमले की घटनाएं बढ़ती ही जा रही है। भारतीयों पर नस्लीय टिप्पणी के बाद अब अमेरिका की भारतवंशी सांसद प्रमिला जयपाल को फोन पर धमकी दी गई। धमकी में उन्हें अपने देश वापस लौटने के लिए कहा है।
अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों के प्रति नस्लीय हिंसा के कई मामले सामने आ चुके हैं। नस्लीय हिंसा का मामला उस समय काफी गंभीर हो गया, जब इसका शिकार भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल हो गयी। प्रतिमा जयपाल का जन्म चेन्नई में हुआ था। एक व्यक्ति ने प्रमिला के साथ फोन पर अभद्र टिप्पणी करते हुए उन्हें भारत लौटने की चेतावनी दी।
प्रमिला जयपाल ने धमकी का पांच मिनट का ऑडियो संदेश सोशल मीडिया पर साझा किया। इस ऑडियो में उनके साथ अश्लील और अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है। संदेश में साफ सुनाई पड़ता है कि एक व्यक्ति उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहा है। 55 वर्षीय प्रमिला जयपाल अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में सिएटल का प्रतिनिधित्व करती हैं।
प्रमिला ने ट्वीट कर धमकी भरे संदेशों को सार्वजनिक करने के पीछे का कारण भी बताया है। प्रमिला ने बताया कि अक्सर नेता अपने सुरक्षा खतरों को उजागर नहीं करते हैं, लेकिन हम हिंसा को नई आम बात के रूप में स्वीकार नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि हम उस नस्लवाद और लिंगवाद को भी स्वीकार नहीं कर सकते, जो इस हिंसा के मूल में है और इसे प्रोत्साहित करता है।
यह मामला भारतीय मूल के अमेरिकियों के प्रति अमेरिकी समुदाय की बढ़ती नफरत को दर्शाता है। इसी महीने एक सितंबर को एक भारतवंशी को कैलिफोर्निया में नफरत का शिकार बनाया था। इससे पहले 26 अगस्त को टेक्सास में भारतवंशी महिलाओं को मैक्सिकन अमेरिकी महिला ने अभद्र टिप्पणी करते हुए उन्हें भारत जाने के लिए बोला था और उनके साथ मारपीट भी की थी।

Rani Sahu
Next Story